मुजफ्फरनगर के पुरकाजी कस्बे के मोहल्ला नूर नगरियान में अपने घर पर मोबाइल गेम खेल रहे 17 साल के कक्षा 11 के छात्र उत्तम का दिल का दौरा पड़ जाने से मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। पुलिस को जानकारी दी गई कि दिल का दौरा पड़ने के कारण मौत हुई है।
सोमवार को कक्षा 11 का छात्र दोपहर में साढ़े 12 बजे अपने घर में मोबाइल पर गेम खेल रहा था। परिवार के अन्य सदस्य भी घर में ही मौजूद थे। खेलते-खेलते छात्र लुढ़क गया। कुछ देर बाद ही परिजनों की निगाह पड़ी तो दौड़कर छात्र के पास पहुंचे।
हालत खराब होने पर परिजन दोपहर में एक बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरकाजी लेकर पहुंचे। इस दौरान आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पीएचसी प्रभारी डॉ. सुमित ने बताया कि छात्र को जब अस्पताल लाया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजन वापस घर ले गए।
छात्र की मौत की जानकारी मिलने पर पुलिस घर पर पहुंची। एसओ डॉ. मानवेंद्र भाटी ने बताया कि पुलिस ने पंचायतनामा भरा है। परिजनों ने हार्टफेल हो जाने से निधन बताया है और पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। परिजनों के कहने पर छात्र का शव बिना पोस्टमार्टम उनके सुपुर्द कर दिया गया। उधर, गमगीन माहौल में परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।
केस-1
रतनपुरी थाना क्षेत्र के रायपुर नगली गांव में स्थित कंपोजिट विद्यालय में कक्षा 4 के छात्र निहाल की स्कूल में दौड़ते हुए 31 अक्तूबर को दिल का दौरा पड़ जाने से मौत हो गई थी। छात्र दौड़ते-दौड़ते जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। उसे तुरंत खतौली के सरकारी अस्पताल और फिर वहां से बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा) बताई गई।
केस-2
मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे पर रोहाना पुलिस चौकी के पास स्थित एक ढाबे पर पिछले दिनों ट्रक चालक की अचानक तबीयत बिगड़ने और हार्ट अटैक आने के कारण मौत हो गई। चालक ट्रक रोककर सुबह नाश्ता करने आया था, इस बीच वह मोबाइल पर बात करने लगा। अचानक वह गिर गया और उसकी मौत हो गई थी।
केस-3
राज एकेडमी और शाहपुर कन्या इंटर कॉलेज के प्रबंधक समाजसेवी अरविंद गुप्ता (65) का पिछले शुक्रवार को ही हृदयगति रुकने से निधन हो गया था। वह अपने आर्यपुरी स्थित आवास पर बैठकर मोबाइल देख रहे थे, अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी। परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन बचाया नहीं जा सका।
केस-4
पिछले साल सर्दियों में जानसठ रोड पर बॉक्स क्रिकेट मैच के दौरान नंदू की अचानक तबीयत खराब हुई। साथी अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन बचाया नहीं जा सका था। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जिसकी वजह दिल का दौरा पड़ना बताई गई।
Bureau Report
Leave a Reply