पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच आम आदमी पार्टी (आप) में उम्मीदवारों के चयन को लेकर हलचल बढ़ गई है। दूसरी सूची जारी होने से पहले ही विधायकों और टिकट के दावेदारों ने दिल्ली के चक्कर लगाने शुरू कर दिए हैं।
कोई आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल से मिला तो किसी ने पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया से संपर्क साधा। पहली सूची में 40 उम्मीदवारों को टिकट मिलने के बाद अब दूसरी सूची को लेकर सबसे ज्यादा बेचैनी उन नेताओं में है जिन्हें टिकट कटने का डर सता रहा है।
ऐसे में दिल्ली दरबार में हाजिरी लगाकर नेता अपनी राजनीतिक जमीन बचाने और टिकट पक्का करने की कोशिश में जुटे हैं। हाईकमान के समक्ष हाजिरी लगाने वालों में सिर्फ मौजूदा मंत्री, विधायक और वरिष्ठ नेता ही शामिल नहीं है बल्कि हलका प्रभारी भी अपनी दावेदारी मजबूत करने में लगे हुए हैं।
आप ने अपनी पहली सूची में मौजूदा विधायकों पर भरोसा जताया है क्योंकि इसमें किसी भी विधायक का टिकट नहीं काटा गया। इससे उम्मीदवारी पाने वाले विधायकों को राहत जरूर मिली है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि दूसरी सूची में कुछ विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों को लेकर कुछ बदलाव हो सकते हैं।
इसी चर्चा के चलते कई मौजूदा विधायक और टिकट के इच्छुक नेता अपनी स्थिति मजबूत करने में जुटे हैं। कोई दिल्ली पहुंचकर वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर रहा है तो कोई अपने क्षेत्र में किए गए काम और राजनीतिक पकड़ का हवाला देकर टिकट की दावेदारी पेश कर रहा है।
अगले 10 दिन में आ सकती है दूसरी सूची
आम आदमी पार्टी की ओर से अगली सूची अगले 10 दिन के भीतर जारी किए जाने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी की पहले 15 नवंबर तक सूची जारी करने की तैयारी थी लेकिन अब इसमें चार-पांच दिन और लग सकते हैं क्योंकि सभी दावेदारों के नामों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है।
साथ ही अभी तक दूसरे किसी दल ने भी अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। यही कारण है कि आप की नजर दूसरे दलों पर भी है कि वो प्रमुख सीटों पर किन उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारते हैं।
इसी का नतीजा है कि आप अपने 13 मंत्रियों का नाम फिलहाल पहली सूची में शामिल नहीं किया है। इसमें वित्त मंत्री हरपाल चीमा और पंजाब प्रधान एवं कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा भी शामिल है। यही कारण है कि दूसरी सूची में पर सभी की नजर है।
सर्वे के बाद ही जारी की जा रही सूची
पार्टी की तरफ से सर्वे करवाया गया है जिसके आधार पर ही उम्मीदवारों का नाम फाइनल किए जा रहे हैं। जिन विधायकों के काम से लोगों ने संतुष्टि जताई है उन्हें प्राथमिकता दी गई है। अगली सूची में भी ऐसे ही विधायकों को प्राथमिकता दी जाने की चर्चा है।
पहली सूची के बाद आप के तीन नेता पार्टी छोड़कर भाजपा में भी शामिल हो चुके हैं जिसमें चेतन सिंह जौड़ामाजरा, हरमीत सिंह पठानमाजरा और कुंवर विजय प्रताप सिंह शामिल हैं। हालांकि पार्टी का कहना है कि तीनों नेताओं को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते पहले ही हाशिये पर कर दिया गया था इसलिए इनके जाने से कोई फर्क नहीं पड़ता है लेकिन पार्टी उम्मीदवार फाइनल करने के साथ ही इस बात का भी ध्यान रख रही है कि चुनाव में उसे किसी भी तरह के नुकसान का सामना न करना पड़े।
Bureau Report
Leave a Reply