अरविंद केजरीवाल को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी: सात करोड़ की रंगदारी मांगी, तिलक नगर के विधायक को आया मैसेज

अरविंद केजरीवाल को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी: सात करोड़ की रंगदारी मांगी, तिलक नगर के विधायक को आया मैसेज

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर सात करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। 

आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए दिल्ली के तिलक नगर से विधायक जरनैल सिंह को फोन और व्हाट्सएप मैसेज भेजा। 

आरोपी ने धमकी दी कि अगर सात करोड़ रुपये नहीं दिए गए तो अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल की हत्या कर दी जाएगी। शिकायत के आधार पर मोहाली के साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

शिकायत में क्या
विधायक जरनैल सिंह ने 6 नवंबर को मोहाली के एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि उनके निजी मोबाइल नंबर पर कॉल आई और व्हाट्सएप पर भी धमकी भरा संदेश भेजा गया। व्हाट्सएप पर आरोपी का प्रोफाइल नाम ‘एच’ दिखाई दे रहा था। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल को सात करोड़ रुपये देने के लिए कह दो, नहीं तो उन्हें और उनकी बेटी को जान से मार दिया जाएगा।

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ने फोन पर धमकी देने के साथ उसी मोबाइल नंबर से लिखित संदेश भी भेजा। इसमें भी सात करोड़ रुपये की मांग करते हुए हत्या की धमकी दोहराई गई। विधायक ने शिकायत में कहा कि आरोपी ने उनकी जनप्रतिनिधि की हैसियत का इस्तेमाल करते हुए केजरीवाल तक फिरौती की मांग और धमकी पहुंचाने की कोशिश की है। उन्होंने इसे गंभीर आपराधिक मामला बताते हुए आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज
पुलिस की प्रारंभिक जांच में शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(4), 351(2), 351(3), 351(4), 111(2) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत अपराध बनता पाए जाने पर मामला दर्ज किया गया। केस में मोबाइल नंबर  को आरोपी के तौर पर नामजद किया गया है। साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मामले की जांच सौंपी गई है।

कॉल डिटेल और आईपी लॉग खंगालने की मांग
विधायक ने पुलिस से आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), आईपी लॉग और मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करने की मांग की है। साथ ही आरोपी के साथ जुड़े अन्य लोगों का पता लगाकर गिरफ्तारी करने और धमकी के मद्देनजर संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ तालमेल कर केजरीवाल व उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। शिकायत के साथ व्हाट्सएप मैसेज का स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपा गया है।

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*