किटियावां गांव निवासी प्रधान प्रतिनिधि और भाजपा नेता विजय कुमार सिंह पर कमलानगर बाजार स्थित हनुमान इंटर कॉलेज के पास दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने तमंचे से फायर किया, लेकिन गोली नहीं लगी। इसके बाद धारदार हथियारों, लाठी-डंडों और तमंचे की बट से पीटकर उन्हें घायल कर दिया। जान बचाकर भागे विजय के भाई अजय सिंह जब दुकान से मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उन्हें भी घेरकर पीटा।
आरोप है कि इसके बाद 10-12 लोग मोटरसाइकिलों से गांव पहुंचे, घर में घुसकर महिलाओं से अभद्रता की और बाहर खड़ी कार व बाइक को क्षतिग्रस्त कर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
लाठी-डंडों और तमंचे की बट से हमला
विजय कुमार सिंह ने मुंशीगंज पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार को वह कमलानगर स्थित हनुमान इंटर कॉलेज के पास थे। आरोप है कि वहां बांके बिहारी सिंह के इशारे पर पहले से घात लगाए बैठे सौरभ सिंह उर्फ गजेंद्र, वैभव सिंह, महेंद्र यादव, सचिन यादव, आशीष यादव और तीन-चार अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया।
आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर किया, लेकिन गोली नहीं लगी। इसके बाद हमलावरों ने धारदार हथियार, लाठी-डंडों और तमंचे की बट से हमला कर दिया। वह जान बचाकर भागने लगे तो आरोपियों ने घेरकर फिर पीटा, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। विजय के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने पर उनके भाई अजय सिंह अपनी दुकान से मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने उन्हें भी घेर लिया और लाठी-डंडों से पीटने लगे, जिससे अजय सिंह को भी गंभीर चोटें आईं।
अज्ञात लोग मोटरसाइकिलों से गांव पहुंचे
आरोप है कि इसके बाद 10-12 अज्ञात लोग मोटरसाइकिलों से गांव पहुंचे। उन्होंने घर के बाहर खड़ी कार और बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद घर में घुसकर महिलाओं से गालीगलौज और अभद्रता की। परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि पूरे घर को खत्म कर देंगे। पीड़ित के मुताबिक, घटना से परिवार के लोग दहशत में हैं।
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें कुछ लोग कार को क्षतिग्रस्त करते नजर आ रहे हैं। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करती है। क्षेत्राधिकारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Bureau Report
Leave a Reply