पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर मंगलवार को बड़ा एलान हुआ है। भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन हो गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रेस वार्ता में इसका एलान किया। इस वार्ता में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद हैं।शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल भी इस संयुक्त आयोजन का हिस्सा हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “सभी को गुरु पर्व की बधाई। हमारे राष्ट्रीय साहब के नेतृत्व में आज अभी-अभी एक बैठक हुई है और उसमें अकाली दल और भाजपा के प्रमुख नेताओं ने बैठकर एक फैसला लिया है कि अगला पंजाब विधानसभा का चुनाव भाजपा और अकाली दल दोनों मिलकर लड़ेंगे और आज से अकाली दल NDA के साथी के रूप में राजनीति में काम करेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “यह बहुत खुशी की बात है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का सबसे पुराना सहयोगी, शिरोमणि अकाली दल (SAD), आज फिर से NDA में वापस आ रहा है। मैं अकाली दल के सभी साथियों और सरदार सुखबीर सिंह बादल जी का NDA में तहे दिल से स्वागत करता हूं… कल जब मैंने प्रधानमंत्री जी से NDA के विस्तार के बारे में बात की, तो उन्होंने सुखबीर जी और हमारे अध्यक्ष जी को भी फोन किया। उन्होंने कहा कि अब NDA पूरा हो गया है, क्योंकि बादल साहब की पार्टी के बिना NDA अधूरा था। मुझे विश्वास है कि पंजाब, पूरे देश और दुनिया भर में, यह गठबंधन हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बनेगा और दोनों दल मिलकर इस दिशा में आगे बढ़ेंगे।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि बादल साहब के नेतृत्व में, अकाली दल हमारा सबसे पुराना सहयोगी रहा है। हमने साथ मिलकर कई चुनाव लड़े हैं जिसमें जीत और हार दोनों देखी हैं, फिर भी हमारा रिश्ता अटूट रहा है। आज, इस साझेदारी को फिर से शुरू किया जा रहा है, जिससे हमें बहुत खुशी है। NDA के हिस्से के रूप में, भारतीय जनता पार्टी और अकाली दल जब आगामी चुनावों की तैयारी कर रहे हैं, तो हम पंजाब के लिए एक घोषणापत्र जारी करेंगे, जिसमें कई अहम मुद्दों को शामिल किया जाएगा…”
अकाली दल हमारा सबसे पुराना साथी रहा है। छह साल बाद एक बार फिर से शिअद की एनडीए गठबंधन में वापसी हुई है। शाह ने कहा कि पंजाब की जनता बदलाव करेगी। पंजाब में एनडीए की सरकार बनाएंगे। आप की सरकार वादाखिलाफी कर रही है।
‘आप सरकार ने जनता के भरोसे को तोड़ा है’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “31 दिसंबर 2029 तक हम पंजाब को पूरी तरह से नशा मुक्त बना देंगे।” शाह ने कहा कि मैं एक बात बहुत स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं, पंजाब से नशीले पदार्थों की समस्या को खत्म करना हमारा मुख्य उद्देश्य होगा। पंजाब से भ्रष्टाचार को मिटाना एक अहम लक्ष्य होगा, और राज्य के भीतर राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत करना भी हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक होगा।
पंजाब से भ्रष्टाचार का खात्मा होगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि “मौजूदा आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने जनता के भरोसे को तोड़ा है। यह अपना कोई भी वादा पूरा करने में नाकाम रही है। पंजाब की जनता ने पक्का मन बना लिया है कि वे अब ऐसी सरकार या उसमें शामिल ऐसे लोगों को बर्दाश्त नहीं करेंगे, जिन्होंने गुरुओं का अनादर किया है। अब जब भाजपा और अकाली दल एक साथ आ गए हैं, तो मुझे पूरा विश्वास है कि पंजाब के लोगों का यह संकल्प और मजबूत होगा, जिससे एक सार्थक बदलाव का रास्ता खुलेगा। मुझे यकीन है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में, पंजाब की जनता NDA को भारी बहुमत देगी। हम आने वाले चुनावों में निश्चित रूप से NDA की सरकार बनाएंगे और पंजाब में फिर से खुशहाली वापस लाएंगे…”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “पिछले तीन महीनों में, नितिन नवीन और सुखबीर सिंह बादल के बीच पंजाब के किसानों की चुनौतियों, राज्य के आर्थिक विकास से जुड़ी चिंताओं और वहां के युवाओं के सामने रोजगार के मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई है। इन चर्चाओं के आधार पर एक रोडमैप तैयार हुआ है, जो NDA सरकार के लिए एक मार्गदर्शक ढांचे का काम करेगा, जिसे हम बनाने जा रहे हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मैं एक बात बहुत स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं। पंजाब से नशीले पदार्थों की समस्या को खत्म करना हमारा मुख्य उद्देश्य होगा। पंजाब से भ्रष्टाचार को मिटाना एक अहम लक्ष्य होगा, और राज्य के भीतर राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत करना भी हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक होगा।”
शिरोमणि अकाली दल (SAD) बड़े भाई की भूमिका निभाएगा: अमित शाह
गठबंधन में ‘बड़े भाई’ की भूमिका कौन निभाएगा, इस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कहते हैं, “स्वाभाविक रूप से, शिरोमणि अकाली दल (SAD) बड़े भाई की भूमिका निभाएगा। अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी (BJP) मिलकर चुनाव लड़ेंगे। दोनों पार्टियां मिलकर सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी, जिसमें अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में होगा।”
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि आज कार्तिक पूर्णिमा भी है और गुरु पर्व की भी आपको बहुत-बहुत बधाई देता हूं। आज बहुत पावन दिन है और आज पंजाब हित में बहुत बड़ा निर्णय हो रहा है, मैं सुखबीर सिंह बादल जी को और उनके पार्टी के सदस्यों को बहुत-बहुत शुमकामनाएं देता हूं कि आपका NDA गठबंधन में शामिल होना हम सबकी ताकत को बढ़ाएगा।
यह गठबंधन एक स्वाभाविक गठबंधन है: नवीन
नितिन नवीन कहते हैं कि “मेरा मानना है कि शिरोमणि अकाली दल (SAD) के साथ यह गठबंधन एक स्वाभाविक गठबंधन है… सीट-बंटवारे पर हम बाद में चर्चा करेंगे, लेकिन आज एक साथ आकर हम यह स्पष्ट संदेश दे रहे हैं कि हम पंजाब की सेवा करने के लिए एकजुट हुए हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में एक साथ आने पर, हम प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नशा-मुक्त पंजाब बनाने, पंजाब के युवाओं को उनके अपने राज्य में रोजगार देने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और विकास-उन्मुख सरकार बनाने का संकल्प लेंगे… मैं एक बार फिर सुखबीर सिंह जी और उनके सभी वरिष्ठ सहयोगियों का NDA परिवार में तहे दिल से स्वागत और अभिनंदन करता हूं।”
सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि ये पंजाब के हित के लिए गठबंधन है। केजरीवाल की टीम पंजाब को लूट रही है। नौजवानों और किसानों के हित में यह गठबंधन है। हमने इमरजेंसी का दौर भी देखा है। पिछले दस साल से पंजाब के हालात खराब हैं। आप ने पंजाब को बर्बाद कर दिया है।
सुखबीर बादल ने कहा-
गैंगस्टरों का आतंक खत्म करना हमारा लक्ष्य है।
पंजाब से नशा खत्म करना हमारा मिशन है।
हम मिलकर मसले का हल करेंगे।
पंजाब में अभी सरकार जैसा कुछ नहीं है।
पंजाब में चंगा माहौल बनाएंगे।
भाजपा से हमारा पुराना रिश्ता है।
तीन दशक पुरानी है दोनों दलों की दोस्ती
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर अकाली दल और भाजपा के गठबंधन की संभावनाएं जताई जा रही थीं। पंजाब की राजनीति में शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी की दोस्ती का इतिहास करीब तीन दशक पुराना है। इस रिश्ते की नई राजनीतिक शुरुआत 1996 की मोगा घोषणा से हुई थी। तत्कालीन अकाली दल अध्यक्ष प्रकाश सिंह बादल ने मोगा में पार्टी की विचारधारा को व्यापक स्वरूप देते हुए पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत का नारा दिया। इसके बाद अकाली दल ने भाजपा के साथ चुनावी गठबंधन का रास्ता अपनाया।
दोनों दलों ने 1997 का विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ा और शानदार जीत हासिल कर पंजाब में सरकार बनाई। इस गठबंधन ने अलग-अलग कार्यकाल में कुल 15 साल पंजाब की सत्ता संभाली। 1997 से 2002 तक पहली सरकार रही, इसके बाद 2002 से 2007 तक कांग्रेस सत्ता में रही। फिर 2007 से 2012 और 2012 से 2017 तक अकाली-भाजपा गठबंधन ने लगातार दो बार सरकार बनाई। इस तरह 2007 से 2017 तक लगातार 10 साल सत्ता में रहने के साथ गठबंधन का कुल शासनकाल 15 साल रहा। हालांकि, दोनों दलों के राजनीतिक रिश्तों की पृष्ठभूमि इससे भी पुरानी है। 1967 और 1969 में अकाली दल ने भारतीय जनसंघ के साथ मिलकर भी सरकारें बनाई थीं। भाजपा का गठन 1980 में हुआ था और बाद में जनसंघ की राजनीतिक विरासत भाजपा ने संभाली।
1997 में 93 सीटें जीतकर पहली बार बनाई सरकार
1996 की मोगा घोषणा के बाद 1997 में अकाली दल और भाजपा ने औपचारिक चुनावी गठबंधन के तहत विधानसभा चुनाव लड़ा। 117 सीटों वाली विधानसभा में अकाली दल ने 94 और भाजपा ने 23 सीटों पर उम्मीदवार उतारे। अकाली दल ने 75 सीटें और भाजपा ने 18 सीटें जीतीं। गठबंधन के खाते में कुल 93 सीटें आईं। प्रकाश सिंह बादल मुख्यमंत्री बने। इस चुनाव में अकाली दल का मत प्रतिशत लगभग 37.64 और भाजपा का 8.33 प्रतिशत रहा। दोनों दलों ने अपने-अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में एक-दूसरे को राजनीतिक समर्थन दिया। भाजपा को शहरी हिंदू मतदाताओं में अपनी स्थिति मजबूत करने का अवसर मिला, जबकि अकाली दल को भाजपा के साथ आने से शहरी क्षेत्रों में भी राजनीतिक फायदा मिला।
2002 में सत्ता गंवाई, लेकिन गठबंधन नहीं टूटा
2002 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन को सत्ता से बाहर होना पड़ा। कांग्रेस ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में 62 सीटें जीतकर सरकार बनाई। अकाली दल को 41 और भाजपा को 3 सीटें मिलीं। अकाली दल का मत प्रतिशत 31.08 और भाजपा का 5.67 प्रतिशत रहा। चुनावी हार के बावजूद दोनों दलों ने अपना गठबंधन कायम रखा। दोनों पार्टियों के नेताओं को भरोसा था कि पंजाब में उनका संयुक्त राजनीतिक आधार अगले चुनाव में फिर सत्ता तक पहुंच सकता है।
2007 में वापसी, 2012 में लगातार दूसरी बार सरकार
2007 का चुनाव गठबंधन के लिए सत्ता में वापसी लेकर आया। अकाली दल ने 94 सीटों पर चुनाव लड़कर 49 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा ने 23 में से 19 सीटें हासिल कीं। गठबंधन ने कुल 68 सीटों के साथ सरकार बनाई। अकाली दल का मत प्रतिशत करीब 37.09 और भाजपा का 8.28 प्रतिशत रहा। प्रकाश सिंह बादल मुख्यमंत्री बने और सुखबीर सिंह बादल उपमुख्यमंत्री बने। इसके बाद 2012 के चुनाव में गठबंधन ने पंजाब के राजनीतिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा। पहली बार किसी सरकार ने लगातार दूसरी बार विधानसभा चुनाव जीतकर सत्ता बरकरार रखी। अकाली दल ने 94 में से 56 सीटें जीतीं और भाजपा ने 23 में से 12 सीटें हासिल कीं। दोनों के खाते में कुल 68 सीटें आईं। इस चुनाव में अकाली दल का मत प्रतिशत 34.73 और भाजपा का 7.18 प्रतिशत रहा। प्रकाश सिंह बादल ने लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद संभाला। इस प्रकार 2007 से 2017 तक गठबंधन ने लगातार 10 साल पंजाब पर शासन किया।
2017 में 18 सीटों पर सिमटा गठबंधन
लगातार 10 साल सरकार चलाने के बाद 2017 के विधानसभा चुनाव में अकाली-भाजपा गठबंधन को बड़ा राजनीतिक झटका लगा। अकाली दल 94 सीटों पर चुनाव लड़कर केवल 15 सीटें जीत सका, जबकि भाजपा 23 सीटों पर लड़कर सिर्फ 3 सीटें हासिल कर पाई। गठबंधन का कुल आंकड़ा 18 सीटों पर सिमट गया। अकाली दल का मत प्रतिशत 25.24 और भाजपा का 5.39 प्रतिशत रह गया। कांग्रेस ने 77 सीटें जीतकर कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में सरकार बनाई। आम आदमी पार्टी भी 20 सीटों के साथ पंजाब की राजनीति में एक बड़ी ताकत बनकर उभरी। इसके बावजूद अकाली दल और भाजपा का चुनावी गठबंधन कायम रहा। दोनों ने 2019 का लोकसभा चुनाव भी साथ लड़ा।
2020 में कृषि कानून बने दोस्ती टूटने की वजह
अकाली दल और भाजपा के बीच करीब 24 साल के औपचारिक चुनावी गठबंधन का अंत सितंबर 2020 में हुआ। केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर पंजाब में किसानों का विरोध तेज हो गया था। अकाली दल के सामने अपने परंपरागत किसान मतदाताओं की नाराजगी का सवाल था। हरसिमरत कौर बादल ने 17 सितंबर 2020 को केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद 26 सितंबर 2020 को अकाली दल ने भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से अलग होने की घोषणा कर दी। सुखबीर सिंह बादल ने कृषि कानूनों को लेकर केंद्र सरकार के रवैये पर नाराजगी जताई। इस तरह दोनों दलों की दशकों पुरानी राजनीतिक साझेदारी समाप्त हो गई। हालांकि, इससे पहले भी कई मुद्दों पर दोनों दलों में मतभेद हुए थे, लेकिन वे गठबंधन तोड़ने तक नहीं पहुंचे थे।
2022 में अलग-अलग रास्ते, दोनों दलों को चुनावी नुकसान
2022 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल ने बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन किया, जबकि भाजपा ने अलग चुनाव लड़ा। अकाली दल को केवल 3 सीटें मिलीं और उसका मत प्रतिशत 18.38 रहा। भाजपा को 2 सीटें मिलीं और उसका मत प्रतिशत करीब 6.6 प्रतिशत रहा। आम आदमी पार्टी ने 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी दोनों दल अलग-अलग मैदान में उतरे। भाजपा ने पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ते हुए 18.56 प्रतिशत मत हासिल किए, लेकिन कोई सीट नहीं जीत सकी। अकाली दल ने एक सीट जीती और उसका मत प्रतिशत 13.42 रहा। यह चुनाव दोनों दलों के लिए इस मायने में महत्वपूर्ण रहा कि भाजपा का मत प्रतिशत बढ़ा, जबकि अकाली दल का परंपरागत चुनावी आधार कमजोर दिखाई दिया।
2027 से पहले फिर गठबंधन , सीटों के बंटवारे पर चर्चा
अब 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच फिर गठबंधन हो गया है। अगस्त 2026 में सुखबीर सिंह बादल की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद राजनीतिक चर्चाओं ने जोर पकड़ा।अक्टूबर में सीटों के बंटवारे और अकाली दल के दूसरे धड़े को साथ लेने जैसे मुद्दे भी बातचीत में सामने आए। नवंबर में दोनों दलों के बीच बातचीत अंतिम चरण में पहुंचने की खबरें सामने आईं और आज समोजौता हो गया। इस बार सबसे बड़ा सवाल सीटों के बंटवारे का है। पुराने समझौते में भाजपा 23 और अकाली दल 94 सीटों पर चुनाव लड़ता था। अब भाजपा अपने बढ़े हुए मत प्रतिशत और संगठनात्मक विस्तार के आधार पर ज्यादा सीटें चाहती है। दूसरी तरफ अकाली दल अपने पारंपरिक ग्रामीण और किसान आधार के साथ गठबंधन में अपनी प्रमुख भूमिका बनाए रखना चाहता है। मुख्यमंत्री पद का चेहरा भी बातचीत का अहम विषय हो सकता है।
राजनीतिक समीकरण : पुराने गठबंधन की वापसी, लेकिन शर्तें पहले जैसी नहीं
अकाली दल और भाजपा का पुराना गठबंधन पंजाब की राजनीति में क्षेत्रीय और सामाजिक आधार के तालमेल का उदाहरण रहा है। अकाली दल की ग्रामीण क्षेत्रों, किसानों और सिख मतदाताओं में पकड़ थी, जबकि भाजपा का प्रभाव मुख्य रूप से शहरी हिंदू मतदाताओं और व्यापारिक वर्ग में रहा। दोनों दलों ने इसी राजनीतिक समीकरण के आधार पर लंबे समय तक चुनाव लड़े और सरकारें बनाईं। लेकिन 2020 के बाद दोनों की राजनीतिक परिस्थितियां बदल चुकी हैं। अकाली दल को अपने पुराने मतदाता आधार को फिर मजबूत करने की चुनौती है, वहीं भाजपा अब पहले की तरह 23 सीटों तक सीमित रहने के बजाय अधिक सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। ऐसे में 2027 का गठबंधन केवल दो पुराने सहयोगियों की वापसी नहीं होगा, बल्कि सीटों, नेतृत्व और राजनीतिक हिस्सेदारी के नए समझौते की परीक्षा भी होगा।
Bureau Report
Leave a Reply