कोरोना देश में:24 घंटे में 60,739 संक्रमित मिले, 97,779 ठीक हुए और 1,645 की मौत; 22 राज्यों में नए केस 500 से भी कम

कोरोना देश में:24 घंटे में 60,739 संक्रमित मिले, 97,779 ठीक हुए और 1,645 की मौत; 22 राज्यों में नए केस 500 से भी कम

देश कोरोना के मामले लगातार कम हो रहे हैं। शुक्रवार को 60,739 संक्रमितों की पहचान हुई, 97,779 मरीज ठीक हो गए, जबकि 1,645 ने जान गंवा दी। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 38,709 की कमी आई। राहत की खबर है कि बीते दिन देश के 22 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 500 से भी कम नए केस आए। वहीं, 14 राज्यों में 1000 से कम संक्रमितों की पहचान हुई।

यहां 500 से भी कम नए केस आए
उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश, हरियाणा, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, गोवा, पुडुचेरी, चंडीगढ़, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, लद्दाख, सिक्किम, मिजोरम, दादरा-नगर हवेली और दमन-दीव, लक्षद्वीप और अंडमान-निकाबार।

यहां 500 से ज्यादा नए केस आए
महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, पंजाब, असम, जम्मू-कश्मीर, मणिपुर और मेघालय।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

  • बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 60,739
  • बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 97,779
  • बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 1,645
  • अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.98 करोड़
  • अब तक ठीक हुए: 2.86 करोड़
  • अब तक कुल मौतें: 3.85 लाख
  • अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 7.54 लाख

11 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 11 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

21 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

अपडेट्स

  • तमिलनाडु के वंडालूर में अरिग्नार अन्ना चिड़ियाघर में 4 शेरों में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। इनमें दूसरी लहर के लिए जिम्मेदार डेल्टा वैरिएंट का पाया गया है। चिड़ियाघर की ओर से शुक्रवार को जारी बयान के मुताबिक, संक्रमित शेरों से लिए गए नमूनों की जीनोम सीक्वेंसिंग से पता चला कि उनमें डेल्टा वैरिएंट मौजूद है।
  • स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि 22 करोड़ से अधिक लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लग गई है और 5 करोड़ से अधिक दूसरी डोज लगाई गई हैं।
  • नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल ने बताया कि कोरोना वैरिएंट आते रहेंगे और बढ़ते रहेंगे। उसे नियंत्रण करने के फॉमूर्ले में कोई बदलाव नहीं आएगा। नए वैरिएंट आए उसके आने से पहले हमें उससे बचने के लिए तैयार रहना चाहिए।

प्रमुख राज्यों के हाल
1. महाराष्ट्र

यहां शुक्रवार को 9,798 लोग संक्रमित पाए गए। 14,347 लोग ठीक हुए और 648 लोगों की मौत हो गई। यहां अब तक 59.54 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 56.99 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.16 लाख लोगों की मौत हुई है। फिलहाल 1.34 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

2. छत्तीसगढ़
राज्य में शुक्रवार को 509 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 1,122 लोग ठीक हुए और 7 की मौत हो गई। अब तक 9.89 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9.66 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 13,368 लोगों की मौत हो चुकी है। 10,062 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

3. उत्तर प्रदेश
यहां शुक्रवार को 291 लोग संक्रमित पाए गए। 774 लोग ठीक हुए और 53 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 17.03 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 16.76 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 22,081 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 5,343 मरीजों का इलाज चल रहा है।

4. गुजरात
राज्य में शुक्रवार को 262 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 776 लोग ठीक हुए और 5 की मौत हो गई। यहां अब तक करीब 8.21 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 8.04 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,023 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 7,230 संक्रमितों का इलाज चल रहा है।

5. दिल्ली
दिल्ली में शुक्रवार को 165 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 260 लोग ठीक हुए और 14 की मौत हो गई। अब तक 14.32 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 14.04 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 24,900 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 2,445 मरीजों का इलाज चल रहा है।

6. राजस्थान
यहां शुक्रवार को 150 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 620 लोग ठीक हुए और 9 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 9.50 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9.38 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 8,884 मरीजों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 3,783 मरीजों का इलाज चल रहा है।

7. मध्यप्रदेश
यहां शुक्रवार को 110 नए मामले सामने आए। 339 लोग ठीक हुए और 28 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 7.89 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.77 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 8,707 लोगों की मौत हो गई। 2,727 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*