रामायण के राम अरुण गोविल ने ‘रावण’ को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, बताया पर्दे के पीछे कैसा था अरविंद त्रिवेदी का स्वभाव

रामायण के राम अरुण गोविल ने 'रावण' को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, बताया पर्दे के पीछे कैसा था अरविंद त्रिवेदी का स्वभाव

नईदिल्ली: दशहरे से लगभग दस दिन पहले छोटे पर्दे के दशानन यानी रावण अरविंद त्रिवेदी का निधन हो गया। रामायण धारावाहिक में इस किरदार को निभाकर लोगों के दिलों में समाये अरविंद त्रिवेदी का जाना मनोरंजन जगत के लिए भी दुखदायी ख़बर है। संगी-साथी और चाहने वाले अरविंद त्रिवेदी को याद करते हुए श्रद्धांजलि दे रहे हैं। 

रामायण में राम का किरदार निभाने वाले कलाकार अरुण गोविल ने अरविंद त्रिवेदी के निधन पर कहा कि वो सामान्य जीवन में बेहद सरल स्वभाव के इंसान थे। अपने ट्वीट में अरुण ने लिखा- ”आध्यात्मिक रूप से रामावतार का कारण और सांसारिक रूप से एक बहुत ही नेक,धार्मिक, सरल स्वभावी इंसान और मेरे अतिप्रिय मित्र अरविंद त्रिवेदी जी को आज मानव समाज ने खो दिया। नि:संदेह वे सीधे परमधाम जाएंगे और भगवान श्रीराम का सानिध्य पाएंगे।”

अस्सी के दौर में दूरदर्शन पर प्रसारित हुए रामायण धारावाहिक में रावण के किरदार को अरविंद त्रिवेदी ने जिस ढंग से जीया, वैसा करिश्मा कोई दूसरा कलाकार नहीं कर पाया। धारावाहिकों और फ़िल्मों में तमाम कलाकारों ने रावण के किरदार को निभाया है, मगर आज भी जब रावण की बात चलती है तो ज़हन में अरविंद त्रिवेदी ही आते हैं। पिछले साल जब कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान रामायण का पुन: प्रसारण हुआ तो टीवी पर एपिसोड देखते हुए उनकी फोटो सोशल मीडिया में वायरल हुई थीं। 

बता दें, इसी साल मई में उनके निधन की अफ़वाह उड़ी थी, तब लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी ने इन ख़बरों का खंडन किया था। 

अरविंद त्रिवेदी गुजराती मनोरंजन इंडस्ट्री के जाने-माने कलाकार थे। लगभग 40 साल के करियर में उन्होंने कई फ़िल्मों और धारावाहिकों में काम किया था। 1987-88 में रामायण के प्रसारण के समय उनकी उम्र 49 साल थी। रामायण के अलावा अरविंद त्रिवेदी ने विक्रम और बेताल और विश्वामित्र धारावाहिकों में भी काम किया था। इन दोनों में अरुण गोविल ने मुख्य भूमिकाएं निभायी थीं। लंबे समय से बीमार चल रहे 83 साल के अरविंद त्रिवेदी का निधन 6 अक्टूबर की सुबह दिल का दौरा पड़ने से हुआ।

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*