यूपी चुनाव में राहुल गांधी की वाराणसी में तीसरी रैली:कहा-सुना है कि मोदी ने मगरमच्छ से लड़ाई लड़ी थी, लेकिन उनसे तैरा भी नहीं गया

यूपी चुनाव में राहुल गांधी की वाराणसी में तीसरी रैली:कहा-सुना है कि मोदी ने मगरमच्छ से लड़ाई लड़ी थी, लेकिन उनसे तैरा भी नहीं गया
लखनऊ: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे। उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा पहले से ही यहां हैं। दोनों भाई-बहन करीब 1 किमी पैदल चलकर काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। वहां काफी देर तक पूजा-अर्चना की। इसके बाद दोनों पिंडरा विधानसभा के फूलपुर के लिए रवाना हो गए। वहां चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, ' अब PM जी रोजगार, नौकरी, 15 लाख की बात क्यों नहीं करते हैं। मैं कभी नहीं कहूंगा कि आपके खाते में 15 लाख रुपए आएंगे। क्योंकि मैं आपसे झूठ नहीं बोल सकता। मोदी जी कहते हैं कि हम विदेशी हैं। हमारा परिवार भी इलाहाबाद का है। सुना है कि मोदी जी ने मगरमच्छ से लड़ाई लड़ी थी। मगर हमने उन्हें देखा कि जब वह गंगा में घुसे तो उनसे तैरा भी नहीं गया '

झूठ बोलते हैं प्रधानमंत्री
मोदी जी आते हैं और कहते हैं कि मैं हिंदू धर्म की रक्षा करता हूं। नरेंद्र मोदी जी झूठ मत बोलो। आप किसान, मजदूर के लिए नहीं बल्कि अपनी कुर्सी बचाने के लिए झूठ बोलते हैं और असत्य का साथ देते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि बेरोजगारी और महंगाई बड़ी समस्याएं हैं। छुट्‌टा पशु मोदी जी का गिफ्ट है। आपको अच्छा लगे या न लगे, लेकिन आपको उत्तर प्रदेश में रोजगार नहीं मिलने वाला है। आप अपने बच्चों को कॉलेज-यूनिवर्सिटी भेजते हो। जब आप भेजते हो तो किसका पैसा लगता है, आपका लगता है। आप सोचते हैं आप बच्चे को शिक्षा दे देंगे तो उसके बल पर रोजगार मिल जाएगा।

दम लगाकर लड़ाई लड़ी
राहुल गांधी ने कहा कि आप सभी समय मत जाया करिए। यूपी को बनाने का समय आ गया है, कांग्रेस को वोट दीजिए। प्रियंका जी और कांग्रेस के साथियों को मैं बधाई देना चाहता हूं कि आप सभी ने यूपी में दम लगाकर जोरदार लड़ाई लड़ी। रास्ते में जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। दोनों ने अभिवादन स्वीकार किया। मीडिया कर्मियों ने भी उनसे बात करने की कोशिश की, लेकिन राहुल-प्रियंका ने इनकार कर दिया।

मेड इन वाराणसी लिख दिया जाए

राहुल ने कहा कि आजकल साड़ी चीन में बन रही है। मेरा मन है कि मेन इन चीन को मिटाकर उस पर मेड इन बनारस लिख दिया जाए। दिक्कत की बात यह है कि कभी समाजवादी पार्टी आती है, उनको आप जानते हो। पहले एक और भी पार्टी हुआ करती थी, क्या नाम था उसका… बीएसपी…। अब वह BJP की बी पार्टी हो गई है। हम यहां आपसे झूठ बोलने नहीं आए हैं।

हम काम करना जानते हैं और काम करवाना भी जानते हैं। हम मनरेगा ले आए, हमने किसानों का कर्ज माफ किया। इससे पहले राहुल-प्रियंका का काफिला गोदौलिया चौराहा पहुंचा। वहां पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गाड़ी नहीं जा सकती है। काशी विश्वनाथ धाम तक ई-रिक्शा से जा सकते हैं। इसके बाद दोनों भाई-बहन पैदल ही मंदिर के लिए चल दिए।

विश्वनाथ मंदिर में पूजा के बाद दोनों नेता पिंडरा विधानसभा की फूलपुर मार्केट पहुंच गए। वहां कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय के लिए जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद राहुल दिल्ली रवाना हो जाएंगे। यूपी चुनाव में राहुल की यह तीसरी रैली है। इससे पहले उन्होंने अमेठी और रायबरेली में जनसभा को संबोधित किया था।

प्रियंका गांधी 2 मार्च की शाम से ही वाराणसी में हैं। कबीरचौरा स्थित कबीर मठ में ठहरी हुई प्रियंका गांधी ने तीन मार्च को काशी के नामचीन कलाकारों के घर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की थी। इसके बाद वह वह सारनाथ स्थित भगवान बुद्ध की उपदेश स्थली का भ्रमण करने भी गई थीं। उस दौरान उन्होंने ठेला-पटरी व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं के बारे में पूछा था।

पांच बार विधायक रहे हैं अजय राय
पिंडरा विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय पांच बार विधायक रहे हैं। 2017 का विधानसभा चुनाव वह भाजपा के डॉ. अवधेश सिंह से हार गए थे। लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अजय राय पर कांग्रेस नेतृत्व भरोसा जता चुका है। वह जीत नहीं दर्ज कर पाए थे। पिंडरा विधानसभा से अजय राय और डॉ. अवधेश सिंह इस बार फिर से आमने-सामने हैं।

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*