Sawan Shivratri: हरिद्वार में अपार भक्ति, कांवड़ियों का आंकड़ा चार करोड़ पार; दक्षेश्वर मंदिर में रात से कतार

Sawan Shivratri: हरिद्वार में अपार भक्ति, कांवड़ियों का आंकड़ा चार करोड़ पार; दक्षेश्वर मंदिर में रात से कतार

हरिद्वार/रुड़की: सावन की शिवरात्रि पर हरिद्वार में भोले की अपार भक्ति दिखाई दे रही है। वहीं हरिद्वार में गंगा जल लेने आने वाले कांवड़ तीर्थ यात्रियों का आंकड़ा चार करोड़ पार कर गया है। शुक्रवार शाम तक यह संख्या तीन करोड़ 97 लाख से अधिक थी। इसके बाद भी कांवड़ तीर्थयात्रियों के आने और जाने का क्रम पूरी रात बना रहा। आज शनिवार को शिवरात्रि पर भी यह क्रम बना हुआ है।

श्रावण मास की महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिव मंदिर पहुंच रहे हैं। कनखल के दक्षेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए रात से ही कतार लगी हुई है। कांवड़ यात्री रात से ही जलाभिषेक के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। मंदिर के पुजारी विनोद शास्त्री ने बताया कि जलाभिषेक का पुण्य काल रविवार सुबह तक है। महादेव के जलाभिषेक के बीच चारों तरफ हर हर महादेव का जयघोष हो रहा है।

शास्त्रों के अनुसार भले ही जलाभिषेक का समय शाम से हो, लेकिन सुबह से ही मंदिरों में जलाभिषेक में में वालों की भीड़ लग गई है। रुड़की सिविल लाइन स्थित शिव मंदिर में लंबी लाइन लगी हुई है। इसके अलावा अन्य शिवाललों में भी शिव भक्त सुबह से ही जलाभिषेक कर रहे हैं। बताते चलें कि शनिवार को शाम से लेकर रविवार पूरे दिन जलाभिषेक का मुहूर्त है।

वहीं रुड़की के सालियर की बड़ी कांवड़ शनिवार को रुड़की शहर से होकर गुजरेगी। इसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। ड्रोन के जरिए रामपुर गांव से लेकर शहर तक सर्च अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही पुलिस की ओर से यहां पर चौकसी बढ़ा दी गई है। बताते चलें कि 2015 में यहां जमकर बवाल हुआ था। वहीं देहरादून के सहसपुर में शुक्रवार रात हुई घटना के बाद से पुलिस प्रशासन और भी ज्यादा अलर्ट है।

श्रावण मास की शिवरात्रि पर महादेव का गंगाजल से जलाभिषेक करने को शुक्रवार पूरी रात हाईवे से कांवड़ तीर्थयात्रियों का रेला गुजरता रहा। श्रावण मास में अपने-अपने स्थानों पर स्थित शिवालयों में महादेव का गंगाजल से जलाभिषेक करने को गंगाजल लेने बड़ी संख्या में कांवड़ तीर्थयात्री हरिद्वार पहुंचते हैं। वापसी के क्रम में यह सभी आज महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक करने अपने स्थानों की ओर लौट रहे हैं।

रुड़की में राजमार्ग से लेकर बाईपास तक कांवड़ियों का रेला लगातार बढ़ रहा है। जिसकी वजह से जाम लगा हुआ है। रुड़की शहर में पैदल निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं पुलिस प्रशासन लोगों को सलाह दे रहा है कि अनावश्यक रूप से बाईपास व हाईवे की तरफ न जाएं। शाम तक ही राजमार्ग और हाईवे से भीड़ जुटने की उम्मीद है।

कोर कॉलेज से लेकर नारसन बॉर्डर तक वाहन सड़कों पर रेंगते रहे। पुलिस अधिकारी भी पैदल रास्ता खुलवाने में लगे रहे। शुक्रवार रात की अपेक्षा शनिवार सुबह वाहनों का दबाव कम है, लेकिन धनोरी ओर मंगलोर में अभी भी जाम की स्थिति बन रही है।

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*