कभी सिर तो, कभी पैर तोड़ लेती हैं, लेकिन इस बार… बंगाल में बोले अमित शाह- दीदी आपका समय खत्म होने वाला है

कभी सिर तो, कभी पैर तोड़ लेती हैं, लेकिन इस बार... बंगाल में बोले अमित शाह- दीदी आपका समय खत्म होने वाला है

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 28 मार्च को पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं. इस दौरान गृह मंत्री ने एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित किया. इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेश की ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा.   

 अमित शाह ने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में सभी कार्यकर्ता बंगाल में सरकार बनाने के संकल्प के साथ चुनावी मैदान में उतर चुके हैं और पार्टी पूरे आत्मविश्वास के साथ चुनाव लड़ रही है. उन्होंने कहा कि बंगाल का चुनाव पूर्वी भारत की सुरक्षा के दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण है.

इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया कि असम में भाजपा सरकार बनने के बाद घुसपैठ की घटनाओं में लगभग पूरी तरह कमी आई है. लेकिन अब एकमात्र मार्ग पश्चिम बंगाल ही बचा है, जहां से घुसपैठिए देश के विभिन्न हिस्सों में प्रवेश कर रहे हैं, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है.

वहीं, नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के प्रयासों का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि उन्होंने चुनाव से पहले पूरे राज्य का दौरा कर कानून-व्यवस्था, अराजकता, आर्थिक बदहाली और कथित घुसपैठ जैसे मुद्दों को जनता के बीच प्रमुखता से उठाया है. अमित शाह ने कहा कि बंगाल का यह चुनाव राज्य के भविष्य के साथ-साथ देश की सुरक्षा की दिशा भी तय करेगा, इसलिए भाजपा पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरी है.

अमित शाह ने सीएम ममता पर जमकर साधा निशाना 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि 6 मई को राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी. अमित शाह ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के 45 दिनों के भीतर केंद्र सरकार को सीमा पर बाड़ लगाने के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध करा दी जाएगी, जिससे घुसपैठ पर प्रभावी रोक लगाई जा सके. 

शाह ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी विक्टिम कार्ड की राजनीति करती रही हैं और कभी अपनी चोट तो कभी चुनाव आयोग को लेकर बयान देती हैं, लेकिन अब जनता इस राजनीति को समझ चुकी है. उन्होंने इस चुनाव को शांति, सुरक्षा और विकास से जोड़ते हुए कहा कि यह सम्मानजनक जीवन, मुफ्त इलाज, पक्के घर, गरीबों को मुफ्त बिजली और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का चुनाव है. 

बंगाल में आपराधिक सिंडिकेट का बोलबाला: शाह

शाह ने यह भी कहा कि यह चुनाव घुसपैठ से मुक्त समाज बनाने और भयमुक्त वातावरण स्थापित करने के लिए अहम है. भाजपा के बढ़ते जनाधार का जिक्र करते हुए शाह ने आंकड़े भी पेश किए. शाह के अनुसार, 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा का वोट शेयर 17 प्रतिशत था और 2 सीटें मिली थीं, जो 2019 में बढ़कर 41 प्रतिशत और 18 सीटों तक पहुंच गया. 2024 में पार्टी को 39 प्रतिशत वोट और 12 सीटें मिलीं. वहीं, विधानसभा चुनाव में 2016 में भाजपा को 10 प्रतिशत वोट और 3 सीटें मिली थीं, जो 2021 में बढ़कर 38 प्रतिशत वोट और 77 सीटों तक पहुंच गया.

अमित शाह ने तृणमूल कांग्रेस सरकार के 15 साल के कार्यकाल पर चार्जशीट पेश करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार, अराजकता और आपराधिक सिंडिकेट का बोलबाला है. उन्होंने कहा कि बंगाल भ्रष्टाचार की लैब बन गया है और विकास के अभाव में उद्योगों के लिए कब्रिस्तान जैसा माहौल पैदा हो गया है.

शाह ने कहा कि यह चार्जशीट बंगाल की जनता की आवाज है, जिसे भाजपा ने मंच दिया है. शाह ने अंत में कहा कि आने वाले चुनाव में जनता को तय करना है कि वह भय और असुरक्षा के माहौल को खत्म कर विकास और स्थिरता की ओर बढ़ना चाहती है या नहीं.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*