ग्रेटर नोएडा के दुर्गा मंदिर में घुसा चोर और ले उड़ा 3 किलो का चांदी का छत्र, CCTV में कैद हुई करतूत

ग्रेटर नोएडा के दुर्गा मंदिर में घुसा चोर और ले उड़ा 3 किलो का चांदी का छत्र, CCTV में कैद हुई करतूत

ग्रेटर नोएडा के दादरी में चोरों ने एक दुर्गा मंदिर को निशाना बनाया है. दादरी थाना क्षेत्र के बिसाहड़ा रोड स्थित दुर्गा मंदिर से देर रात चोरों ने माता की मूर्ति पर लगा चांदी का छत्र और सोने के जेवरात चोरी कर लिए. चोरी की ये पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.

ये चीजें गायब
जानकारी के अनुसार, देर रात चोरों ने मंदिर में घुसकर माता दुर्गा की मूर्ति से करीब 3 किलो से ज्यादा वजन का चांदी का छत्र और सोने की नथ चोरी कर ली. चोरी की पूरी घटना मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक चोर मंदिर के अंदर जाता है और छत्र उतारकर अपने बैग में रख लेता है, जिसके बाद वह फरार हो जाता है.

सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं
सुबह जब पुजारी मंदिर खोलने पहुंचे तो उन्हें चोरी का पता चला. उन्होंने देखा कि माता के श्रृंगार का सामान और चांदी का छत्र गायब है. इसके बाद तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी गई और CCTV फुटेज चेक किए गए, जिसमें चोरी की घटना सामने आई. इस घटना के बाद इलाके के लोगों में गुस्सा है और सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं. मामले की सूचना मिलने के बाद दादरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है और CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है. पुलिस ने जल्द ही चोरों को पकड़ने का भरोसा दिया है.

गौरतलब है कि दादरी इलाके में इससे पहले भी मंदिरों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं. पहले भी नकाबपोश चोरों ने एक मंदिर में चोरी की थी, जिसकी तस्वीरें CCTV में कैद हुई थीं. हालांकि उस मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों में डर का माहौल है.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*