दिल्ली में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध सिलेंडर जमाखोरी और रिफिलिंग करते धरे गए 3 आरोपी, टेम्पो भी जब्त

दिल्ली में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध सिलेंडर जमाखोरी और रिफिलिंग करते धरे गए 3 आरोपी, टेम्पो भी जब्त

राजधानी दिल्ली में आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी रोकने के लिए दिल्ली पुलिस का अभियान लगातार जारी है. इसी क्रम में पुलिस ने दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के जनकपुरी इलाके में छापेमारी की और अवैध गैस सिलेंडर जमाखोरी तथा बिना अनुमति गैस भरने की गतिविधि का भंडाफाश किया.

क्या है पूरा मामला?
पुलिस टीम जब सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची तो वहां सरेआम अवैध तरीके से गैस सिलेंडरों में गैस भरी जा रही थी. जांच में पता चला कि यह पूरा काम ‘ब्लू फ्लेम गैस सर्विसेज’ नाम से चलाया जा रहा था. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद तीन लोगों को हिरासत में ले लिया और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया.

छापेमारी के दौरान 45 गैस सिलेंडर बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 45 गैस सिलेंडर जब्त किए. साथ ही एक टेम्पो भी बरामद किया गया, जिसका इस्तेमाल इन सिलेंडरों को ढोने-ढुलाने के लिए किया जा रहा था. पुलिस के अनुसार, आरोपी बिना किसी कानूनी अनुमति के घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की जमाखोरी कर रहे थे और अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का काम चला रहे थे. इस मामले में दिल्ली पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है. आगे की जांच जारी है और पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.

दिल्ली में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध जमाखोरी के खिलाफ अभियान तेज किया गया है. आम लोगों को महंगाई और कमी से बचाने के लिए ऐसे तत्वों पर सख्त नजर रखी जा रही है. उन्होंने कहा कि बिना लाइसेंस के गैस भरने या सिलेंडर जमा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई बिना रुके जारी रहेगी.
 
इससे पहले भी पुलिस ने कई इलाकों में अवैध गैस रैकेट पकड़े
जनकपुरी इलाके की यह घटना दिल्ली में हाल के दिनों में हुई कई छापेमारियों में से एक है. इससे पहले भी पुलिस ने विभिन्न इलाकों में अवैध गैस रैकेट पकड़े हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि सब्सिडी वाले सिलेंडरों की कालाबाजारी से आम उपभोक्ताओं को परेशानी होती है और बाजार में कृत्रिम कमी पैदा होती है.

पुलिस ने नागरिकों से अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अगर वे किसी भी जगह पर अवैध गैस भराई या जमाखोरी की जानकारी रखते हैं तो तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने में सूचना दें. ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है कि वह आम जनता के हित में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास करेगी.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*