दिल्ली यूनिवर्सिटी के 2 कॉलेजों को बम से उड़ाने की धमकी, छावनी में तब्दील हुआ नॉर्थ कैंपस

दिल्ली यूनिवर्सिटी के 2 कॉलेजों को बम से उड़ाने की धमकी, छावनी में तब्दील हुआ नॉर्थ कैंपस

इस बार बम की धमकियों के सिलसिले का अगला निशाना दिल्ली विश्वविद्यालय बन गया. हुआ यह कि नॉर्थ कैंपस में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रामजस कॉलेज और मिरांडा हाउस को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला. पुलिस के मुताबिक सुबह कॉलेज प्रशासन को यह ईमेल प्राप्त हुआ. जिसके बाद तुरंत एहतियातन दोनों कॉलेजों को खाली करा लिया गया. छात्र-छात्राओं और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकालकर पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया.

बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर

असल में सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए. टीमों ने कॉलेज परिसर के हर हिस्से की बारीकी से तलाशी शुरू कर दी. शुरुआती जांच में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है. लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं हैं और जांच पूरी होने तक अलर्ट बनाए रखा गया है.

धमकियों के कई मामले सामने आए
पुलिस ने इस मामले में ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है. ईमेल के सोर्स और उसकी लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि हाल के महीनों में इस तरह की धमकियों के कई मामले सामने आए हैं. जिनमें बाद में अधिकतर को फर्जी पाया गया है. मगर हर बार सुरक्षा के लिहाज से पूरी कार्रवाई करनी पड़ती है.

यह संयोग ही है कि इससे पहले चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी, पंजाब-हरियाणा सचिवालय और फिरोजपुर जिला अदालत समेत कई जगहों को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिले हैं. जालंधर के कुछ नामी स्कूल दिल्ली पब्लिक स्कूल, मेयर वर्ल्ड स्कूल और एमजीएन स्कूल को भी अलर्ट किया गया है. इस मामले में बताया जा रहा है कि ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ नाम के एक संगठन के नाम से ये ईमेल भेजे गए हैं. हालांकि एजेंसियां इन दावों की भी जांच कर रही हैं.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*