आधी रात को जब आप नींद में थे, तब तेल कंपनियों की तरफ से 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में करीब 200 रुपये का इजाफा कर दिया गया. इजरायल और ईरान युद्ध के बीच होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से ग्लोबल लेवल पर गैस की सप्लाई चेन टूट गई. इसके बाद से कंपनियां गैस सिलेंडर की कीमत में इजाफा कर रही हैं. पिछले दिनों कंपनियों की तरफ से घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 60 रुपये बढ़ाई गई. अब 1 अप्रैल को तेल कंपनियों ने इस सिलेंडर की कीमत में तो किसी तरह का इजाफा नहीं किया है. लेकिन 19 किलो वाले और 5 किलो वाले सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी कर दी है.
3.2 लाख से ज्यादा सिलेंडर की बिक्री हुई
इंडियन ऑयल की तरफ से 5 किलो वाले FTL (फ्री ट्रेड LPG) सिलेंडर की बिक्री की जाती है. इसकी कीमत 51 रुपये तक बढ़ गई है. अब इस सिलेंडर के लिये ज्यादा कीमत चुकानी होगी. पिछले दिनों एलपीजी संकट को देखते हुए पेट्रोलियम मिनिस्ट्री ने 5 किलो वाले सिलेंडर और केरोसिन की बिक्री पेट्रोल पंप के जरिये करने की अनुमति दी थी. जब से सरकार ने इन सिलेंडर की पेट्रोल पंप पर बिक्री की अनुमति दी है…तब से 23 मार्च से 3.2 लाख से ज्यादा सिलेंडर बिक चुके हैं. आपको बता दें प्रवासी मजदूरों के लिए इन सिलेंडर को मुहैया कराया जा रहा है.
19 किलो वाले सिलेंडर के नए रेट
इससे पहले तेल कंपनियों ने 31 मार्च की आधी रात को 19 किलो वाले सिलेंडर के दाम में इजाफा किया है. इसके बाद दिल्ली में इस सिलेंडर की कीमत 1883 रुपये से बढ़कर 2078.50 रुपये हो गई है. कोलकाता में यह सिलेंडर आज से 1990 रुपये की बजाय 2208 रुपये में मिलेगा. इसी तरह मुंबई में दाम 1835 रुपये से बढ़कर 2031 रुपये हो गए हैं. चेन्नई में यह सिलेंडर 2043.50 रुपये से बढ़कर 2246.50 रुपये में मिलेगा.
14 किलो वाले सिलेंडर का रेट
तेल कंपनियों की तरफ से पिछले महीने की शुरुआत में 14.2 किलो वाले गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये का इजाफा किया गया था. इसके बाद दिल्ली में गैस सिलेंडर की कीमत 913 रुपये हो गई थी. तेल कंपनियों की तरफ से हर महीने की 1 तारीख को गैस की कीमत की समीक्षा की जाती है. ग्लोबल सप्लाई चेन टूटने से हालत तनावपूर्ण बने हुए हैं.
एटीएफ की कीम में जबरदस्त इजाफा
तेल कंपनियों की तरफ से महीने के पहले दिन विमानों के ईंधन एटीएफ (ATF) में बड़ा इजाफा किया गया है. बताया जा रहा है कि कंपनियों ने अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी की है. जिसके बाद दाम दो लाख रुपये किलो लीटर के पार चले गए हैं. इसके बाद दिल्ली में एटीएफ का प्राइस बढ़कर 2,07,341.22 किलो लीटर हो गया. इसी तरह कोलकाता में इसका दाम 2,05,953.33 प्रति किलो लीटर हो गया. मुंबई में अब यह 1,94,968.67 रुपये प्रति किलो लीटर की दर पर मिलेगा. चेन्नई में दाम सबसे ज्यादा 2,14,597.66 रुपये प्रति किलो लीटर का है.
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की तरफ से एक्स (X) पर जानकारी दी गई कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद होने और ग्लोबल एनर्जी मार्केट में दाम बढ़ने से विमानन ईंधन एटीएफ ATF के दाम 1 अप्रैल को 100 फीसदी से भी ज्यादा बढ़ने की उम्मीद थी. लेकिन सरकार ने आम लोगों की घरेलू यात्रा को महंगाई के झटके से बचाने के लिए आंशिक बढ़ोतरी की है.
Bureau Report
Leave a Reply