राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिले में लगातार बढ़ रही दोपहिया वाहनों की चोरी पर नकेल कसते हुए एएटीएस ने एक सफलता हासिल की है. पुलिस की टीम ने वाहन चोरी के आरोप में गाजियाबाद में लोनी के रहने वाले 23 वर्षीय शातिर ऑटो लिफ्टर इशु यादव को गिरफ्तार किया है. इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई 10 मोटरसाइकिलें और स्कूटी भी बरामद की हैं.
चोर ने काबूली चोरी की बात
जिले में बढ़ती वाहन चोरी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अपनी खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी को ट्रैक करना शुरू किया. इसी कड़ी में 31 मार्च 2026 को पुलिस ने जाल बिछाकर इशु यादव को धर दबोचा. गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक चोरी की पैशन प्रो बाइक बरामद हुई. इसके बाद जब पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर गहराई से पूछताछ की, तो उसने दिल्ली और गाजियाबाद के विभिन्न इलाकों से कई और वाहन चुराने की बात कबूल कर ली.
सुनसान इलाकों में खड़ी गाड़ी को बनाता था निशाना
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने काम करने के तरीके को लेकर कई बड़े खुलासे किए. उसने बताया कि वह मुख्य रूप से सुनसान या कम भीड़भाड़ वाले इलाकों में खड़ी गाड़ियों को अपना निशाना बनाता था. साधारण औजारों की मदद से लॉक तोड़कर गाड़ी चुराने के बाद वह कई बार इन वाहनों का इस्तेमाल अपने शौक पूरे करने यानी ‘जॉयराइड’ के लिए करता था. बाद में पकड़े जाने के डर से वह इन वाहनों को अलग-अलग जगहों पर छिपा देता था. इशु ने यह भी बताया कि वह साकिब नाम के एक कबाड़ी के साथ मिलकर इन चोरी के वाहनों को बेचता था ताकि उसे तुरंत पैसे मिल सकें. पुलिस की टीम अब फरार चल रहे साकिब की सरगर्मी से तलाश कर रही है. पुलिस द्वारा बरामद किए गए वाहनों में हीरो पैशन प्रो, स्प्लेंडर, होंडा एक्टिवा, सुजुकी एवनिस और टीवीएस रोनिन जैसी गाड़ियां शामिल हैं.
बेरोजगारी और आर्थिक तंगी के कारण परेशान था इशु
पुलिस के अनुसार, महज छठी कक्षा तक पढ़ा इशु यादव बेरोजगारी और आर्थिक तंगी के कारण अपराध के इस दलदल में उतरा था. जांच में यह भी सामने आया है कि वह पहले भी चोरी के दो मामलों में संलिप्त रहा है. फिलहाल पुलिस इस पूरे गिरोह की जड़ों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दी जा रही है ताकि चोरी के अन्य वाहनों की बरामदगी की जा सके और इस नेटवर्क से जुड़े बाकी लोगों का भी पर्दाफाश हो सके.
Bureau Report
Leave a Reply