बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा की कॉमेडी फिल्म ‘टोस्टर’ (TOASTER) का ट्रेलर आज 4 अप्रैल, 2026 को रिलीज कर दिया गया है. कुछ मिनटों के इस शानदार ट्रेलर को देखने के बाद दर्शक खुशी से झूम उठे हैं और फिल्म रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली ये फिल्म राजकुमार राव के किरदार रमाकांत के आसपास घूमती है, जो काफी कंजूस किस्म का इंसान होता है और पैसे बचाने के लिए वो किसी भी हद तक जा सकता है.
एक टोस्टर के लिए एक्टर बना खूनी
फिल्म ‘टोस्टर’ के ट्रेलर में राजकुमार राव के किरदार रमाकांत को एक बहुत ही मिलनसार, बेबाक और कंजूस व्यक्ति के रूप में दिखाया गया है, जो एक रुपए को भी बचाने के लिए किसी भी हद तक जा सकता है. इसी बीच जब शादी समारोह में उसके द्वारा दिया गया गिफ्ट टोस्टर बेकार हो जाता है, तो वो उसे वापस लाने के लिए निकल पड़ता है और इस दौरान वो खुद को खतरे में डाल देता है.
फराह खान के साथ ये कलाकार भी दिखेंगे
इस फिल्म को डायरेक्टर विवेक दास चौधरी द्वारा निर्देशित और कम्पा फिल्म्स के बैनर तले पत्रलेखा द्वारा निर्मित किया गया है. वहीं राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा के अलावा इस फिल्म में कॉमेडी क्वीन अर्चना पूरन सिंह, अभिषेक बनर्जी, फराह खान, उपेंद्र लिमाये, विनोद रावत, जितेंद्र जोशी और सीमा पाहवा जैसे मंझे हुए कलाकार अहम भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे. निर्देशक और हाल ही में यूट्यूबर बनीं फराह खान भी ट्रेलर में नजर आती हैं, जिससे फिल्म के लिए दर्शकों की एक्साइटमेंट डबल हो जाती है.
कब होगी रिलीज?
एक्टर राजकुमार राव इस फिल्म से पहले साल 2024 की सुपरहिट फिल्म ‘स्त्री 2’ में नजर आए थे, जिसमें मुख्य किरदार में उनके साथ एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर दिखाई दीं. वहीं ये फिल्म राजकुमार के लिए बेहद खास है क्योंकि ये उनके प्रोडक्शन हाउस, कम्पा फिल्म तले बनने वाली पहली फिल्म है, जिसका निर्माण उनकी पत्नी और एक्ट्रेस पत्रलेखा ने किया है. इस फिल्म का प्रीमियर ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर 15 अप्रैल, 2026 को किया जाएगा.
Bureau Report
Leave a Reply