आज यानी 2 मई को ठीक ठीक 11. 40 पर एक साथ करोड़ों लोगों के फोन पर एक इमरजेंसी का मैसेज आया और तेज बीप की आवाज आने लगी. दरअसल भारत सरकार ने सेल ब्रॉडकास्ट इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम की टेस्टिंग की. लेकिन ऐसे बहुत से लोग हैं जिनके फोन पर यह अलर्ट आया ही नहीं. क्या आपका फोन खामोश रहा? अगर आपके पास कोई अलर्ट नहीं आया, तो इसका मतलब है कि आपके फोन की एक जरूरी सेटिंग बंद है.
भविष्य में किसी भी तरह की इमरजेंसी या प्राकृतिक आपदा के समय आपके फोन पर सरकार का अलर्ट समय पर पहुंचे यह बहुत जरूरी है, तो इसके लिए आप अपने फोन की सेटिंग जरूर बदल लीजिए, जिससे आपको भी समय से इमरजेंसी का अलर्ट मिल सके. आइए जानते हैं इसे तुरंत ऑन करने का तरीका.
क्यों जरूरी है यह अलर्ट?
यह सिस्टम सीधे आपके फोन पर मैसेज भेजता है न कि सिम पर. इसके लिए इंटरनेट या नेटवर्क को होना जरूरी नहीं है. बाढ़, भूकंप या युद्ध जैसी स्थितियों में सरकार इसी के जरिए लोगों को सुरक्षित जगह पर जाने के लिए अलर्ट भेजती है. अगर आपके स्मार्टफोन में Test Alert बटन बंद है, तो आप इन महत्वपूर्ण सूचनाओं से छूट सकते हैं. लेकिन आप सिर्फ एक मिनट में सेटिंग में जरूरी बदलाव करके अलर्ट पा सकते हैं.
Android यूजर्स ऐसे ऑन करें
ज्यादातर एंड्रॉयड फोन में यह फीचर Safety and Emergency सेक्शन में आपको मिल जाएगा.
– इसके लिए सबसे पहले अपने फोन की Settings में जाएं.
– नीचे स्क्रॉल करें और Safety & Emergency या फिर Wireless Emergency Alerts पर जाएं.
– यहां आपको Wireless Emergency Alerts का ऑप्शन मिलेगा, इसे चुनें.
– अब सबसे नीचे जाकर Test Alerts के टॉगल बटन को On कर दें.
– साथ ही यह भी तय करें कि Allow Alerts का मेन बटन भी ऑन हो.
iPhone यूजर्स के लिए तरीका
इसके लिए सबसे पहले आईफोन की Settings ऐप में जाएं.
– Notifications पर क्लिक करें.
– बिल्कुल नीचे तक स्क्रॉल करें.
– यहां Government Alerts सेक्शन में जाएं.
– Test Alerts या Emergency Alerts के ऑप्शन को On कर दें.
अगर सेटिंग ऑन करने के बाद आपके पास मैसेज आता है, तो घबराएं नहीं. मैसेज के अंत में साफ लिखा होता है कि यह सिर्फ एक Test है. इसके लिए आपको कोई रिप्लाई करने या कहीं कॉल करने की जरूरत नहीं है.
Bureau Report
Leave a Reply