संचिता उगले की मौत के बाद फूटा एक्ट्रेस का गुस्सा, खोली इंडस्ट्री की पोल; बोलीं- ‘किसी के साथ नहीं सोओगे तो रिप्लेस…’

संचिता उगले की मौत के बाद फूटा एक्ट्रेस का गुस्सा, खोली इंडस्ट्री की पोल; बोलीं- 'किसी के साथ नहीं सोओगे तो रिप्लेस...'

टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस संचिता उगले का 14 जून 2026 को मुंबई स्थित उनके घर पर निधन हो गया. बताया जा रहा है कि यह मामला आत्महत्या का है. एक्ट्रेस मुंबई में अपने घर पर फंदे से लटकी मिलीं, जिसके बाद परिवार वाले उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. एक्ट्रेस की मौत से इंडस्ट्री के लोगों और उनके फैंस को गहरा झटका लगा है और हर कोई उनकी मौत का कारण जानना चाहता है.

सोशल मीडिया पर फैंस से लेकर सितारे तक उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं. इसके साथ ही कई लोग उनकी मौत से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में भी जानना चाहते हैं. ऐसे में टीवी एक्ट्रेस आंचल खुराना ने भी एक वीडियो शेयर कर कई सवाल खड़े किए हैं और इंडस्ट्री की पोल खोली है.

इंडस्ट्री पर एक्ट्रेस ने खड़े किए सवाल

टीवी एक्ट्रेस आंचल खुराना ने संचिता उगले की मौत की खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए टीवी इंडस्ट्री के कुछ तौर-तरीकों पर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने प्रोफेशनल दबाव से लेकर कास्टिंग से जुड़े मुद्दों तक पर बात की है. आंचल खुराना ने मनोरंजन इंडस्ट्री की चकाचौंध के पीछे एक्टर्स को होने वाली परेशानियों और उन पर पड़ने वाले भावनात्मक असर के बारे में बात की. संचिता की मौत पर बोलते हुए उन्होंने टीवी इंडस्ट्री की जमकर आलोचना करते हुए एक वीडियो शेयर किया.

किसी के साथ सोओगे नहीं तो रिप्लेसमेंट…’

वीडियो में आंचल खुराना ने कहा, ‘जहां चैनल्स TRP के पीछे भागते हैं, प्रोड्यूसर लागत कम करने पर ध्यान देते हैं और दर्शक मनोरंजन चाहते हैं, वहीं बहुत कम लोग एक्टर्स की चुनौतियों के बारे में बात करते हैं.’ उन्होंने वीडियो में दावा किया कि एक्टर्स को छोटी-छोटी वजहों से बदला जा सकता है, चाहे वह अपने आत्म-सम्मान के लिए आवाज उठाना हो या फिर असहमति जताना. एक छोटी सी बात पर रिप्लेसमेंट, किसी के साथ सोओगे नहीं तो रिप्लेसमेंट, किसी से बहस कर लोगे तो रिप्लेसमेंट, सेल्फ-रिस्पेक्ट बचाओगे तो रिप्लेसमेंट.

‘रातें रिजेक्शन का सामना करने में…’

इस पेशे की अनिश्चितता के बारे में बताते हुए आंचल खुराना ने कहा, ‘एक्टर अपने दिन ऑडिशन देने में और रातें रिजेक्शन का सामना करने में बिताते हैं.’ उनके मुताबिक, लोग अक्सर एक्टर्स को मजबूत बने रहने की सलाह देते हैं, लेकिन शायद ही कभी इस बात को समझते हैं कि लगातार मुश्किलों और अनिश्चितताओं का सामना करते-करते इंसान कितना थक जाता है. आंचल ने यह भी आरोप लगाया कि कास्टिंग के फैसलों में अक्सर टैलेंट से ज्यादा पैसों को अहमियत दी जाती है. अच्छे परफॉर्मर्स को भी मामूली लागत के अंतर या ऐसे व्यवहार से इनकार करने पर बदला जा सकता है, जिससे वे सहज महसूस नहीं करते.

उन्होंने वीडियो में आगे कलाकारों से आत्महत्या जैसा चरम कदम न उठाने की अपील की. अपने अनुभव के आधार पर आंचल ने बताया कि वह भी डिप्रेशन और तनाव के दौर से गुजर चुकी हैं. उन्होंने मुश्किलों से जूझ रहे लोगों को सलाह दी कि अगर हालात बहुत ज्यादा मुश्किल हो जाएं, तो वे कुछ समय के लिए दबाव से दूर रहें और अपने परिवार के पास लौट जाएं.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*