पश्चिम बंगाल से इस वक्त की एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है. ताजा जानकारी के अनुसार, साउथ 24 परगना जिला प्रशासन ने शनिवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कद्दावर नेता और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी के अमतला स्थित पार्टी ऑफिस को जमींदोज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है. प्रशासन के मुताबिक, यह बहुमंजिला दफ्तर बिना किसी स्वीकृत बिल्डिंग प्लान के और नियमों की धज्जियां उड़ाकर बनाया गया था.
शनिवार सुबह जब प्रशासन की टीमें भारी-भरकम बुलडोजर मशीनों के साथ अमतला पहुंचीं, तो वहां हड़कंप मच गया. किसी भी संभावित विरोध या हंगामे से निपटने के लिए पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया था. मौके पर स्थानीय पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय बलों की भारी तैनाती की गई थी, और एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड व इमरजेंसी सर्विसेज को भी मुस्तैद रखा गया था. जैसे ही अवैध हिस्से पर पीला पंजा चला, वहां मौजूद बीजेपी (BJP) कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की और जश्न मनाया.
दो नोटिस का जवाब न मिलने पर हुआ बड़ा एक्शन
जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन द्वारा जारी किए गए आधिकारिक दस्तावेजों के मुताबिक, यह मामला सीधे तौर पर एक रसूखदार कंपनी से जुड़ा है. जिस जमीन पर यह आलीशान पार्टी ऑफिस खड़ा था, वह कथित तौर पर ‘लीप्स एंड बाउंड्स’ नामक कंपनी के नाम पर खरीदी गई थी. प्रशासन के सूत्रों ने खुलासा किया है कि इस निर्माण को लेकर संबंधित पक्षों को पहले दो बार कानूनी नोटिस जारी कर जमीन के मालिकाना हक और कंस्ट्रक्शन से जुड़े वैध दस्तावेज पेश करने को कहा गया था. जब इन दोनों नोटिसों का कोई जवाब नहीं मिला और 15 जुलाई को दी गई सुनवाई की तारीख पर भी कोई ठोस सफाई नहीं दी गई, तब जाकर प्रशासन ने कानून के तहत इस अवैध निर्माण को ढहाने का कड़ा फैसला लिया.
दक्षिण 24 परगना जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन ने कानून के दायरे में रहकर पूरी तरह से निष्पक्ष कार्रवाई की है. कई शिकायतों के बाद ही यह लीगल प्रोसेस शुरू किया गया था. आगे की पूरी प्रक्रिया भी कानून के मुताबिक ही पूरी की जाएगी.
कार्रवाई पर आमने-सामने आए नेता
अभिषेक बनर्जी डायमंड हार्बर लोकसभा सीट से सांसद हैं और अमतला इसी संसदीय क्षेत्र का एक बेहद अहम हिस्सा माना जाता है. ऐसे में उनके दफ्तर पर हुई इस कार्रवाई ने बंगाल की सियासी तपिश को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है.
अमतला क्षेत्र से बीजेपी विधायक (MLA) अग्निश्वर नस्कर ने इस कार्रवाई का पुरजोर स्वागत किया है. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए साफ कहा कि यह अवैध ढांचा पूरी तरह से सत्ता के रसूख का इस्तेमाल करके बनाया गया था, जिसमें किसी भी नियम का पालन नहीं हुआ. जिला प्रशासन ने आखिरकार कानून के शासन को सर्वोपरि रखा है और हम इस निष्पक्ष कार्रवाई का स्वागत करते हैं. TMC के इस दफ्तर के चारों ओर फिलहाल सुरक्षा घेरा (गार्ड रेलिंग) सख्त कर दिया गया है और प्रशासनिक अधिकारी पल-पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
Bureau Report
Leave a Reply