परमबीर वसूली केस:छोटा शकील के भाई अनवर के खिलाफ केस दर्ज; परमबीर पर लगा है एक बिल्डर से वसूली का आरोप, SIT कर रही जांच

परमबीर वसूली केस:छोटा शकील के भाई अनवर के खिलाफ केस दर्ज; परमबीर पर लगा है एक बिल्डर से वसूली का आरोप, SIT कर रही जांच

मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह से जुड़े वसूली के एक मामले में अंडरवर्ल्ड कनेक्शन की जांच करने वाली क्राइम ब्रांच टीम ने भागोड़े गैंगस्टर छोटा शकील के छोटे भाई अनवर शकील के खिलाफ केस दर्ज किया है। अनवर के साथ दो अन्य लोगों पर भी वसूली की अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

परमबीर केस की जांच कर रही SIT को शकील का एक ऑडियो हाथ लगा है, जिसमें वह एक बिल्डर को धमकी दे रहा है। इसी मामले में पहले दो लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सूत्रों के मुतबिक, अनवर के खिलाफ इसी ऑडियो के सामने आने के बाद केस दर्ज किया गया है। जांच टीम इस ऑडियो के आधार पर परमबीर सिंह की जांच भी कर रही है।

ये ऑडियो साल 2016 का है। उस समय परमबीर सिंह ठाणे के पुलिस कमिश्नर हुआ करते थे। ऑडियो में छोटा शकील, संजय पुनमिया नाम के बिल्डर को धमकी देता हुआ सुना जा सकता है। शकील, संजय से कहता है कि वह एक अन्य बिल्डर श्याम सुंदर अग्रवाल से समझौता कर ले।

श्याम सुंदर ने दर्ज करवाया था परमबीर पर केस
श्याम सुंदर अग्रवाल ने ही परमबीर सिंह समेत 6 पुलिस अधिकारियों के खिलाफ वसूली का मामला दर्ज कराया है। इसी मामले की जांच SIT कर रही है। श्याम सुंदर अग्रवाल ने मुंबई पुलिस को दिए बयान में बताया कि परमबीर सिंह ने उसे फर्जी मामले में फंसाया था और उसके ऊपर मकोका के तहत मामला दर्ज किया था।

श्याम सुंदर ने आरोप लगाया है कि परमबीर सिंह और उनके कुछ साथी पुलिस वालों ने उसे न सिर्फ जान से मारने की धमकी दी बल्कि, सुरक्षा देने के नाम पर पैसे भी वसूले। श्याम सुंदर अग्रवाल का कहना है कि परमबीर सिंह के ठाणे पुलिस कमिश्नर रहते हुए उससे जबरन वसूली की गई थी।

छोटा शकील का ही है फोन नंबर
क्राइम ब्रांच के सूत्रों के मुताबिक, बिल्डर संजय पुनमिया को जिस नंबर से फोन किया गया था वह नंबर छोटा शकील ही इस्तेमाल करता है। यह नंबर पहले से ही पुलिस रिकॉर्ड में है। संजय पुनमिया की शिकायत पर ही मुंबई पुलिस ने श्याम सुंदर अग्रवाल के खिलाफ भी केस दर्ज किया था। शकील और पुनमिया के बीच की यह फोन रिकॉर्डिंग साल 2016 की है, लेकिन इस पर कार्रवाई इसी साल फरवरी में हुई है।

ऑडियो में अगर छोटा शकील की असली आवाज है तो ये साफ है कि परमबीर गैंग के तार छोटा शकील से भी जुड़े थे। हालांकि, जांच में यह भी सामने आया है कि श्याम सुंदर अग्रवाल के खिलाफ भी मुंबई के अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में 10 से ज्यादा मामले दर्ज हैं और अपराधियों से उसकी साठगांठ की बातें सामने आई हैं।

परमबीर के खिलाफ जारी है लुकआउट नोटिस
इसी तरह के एक और मामले में मुंबई के बिल्डर केतन तन्ना ने परमबीर सिंह समेत 28 लोगों के खिलाफ जबरन वसूली की FIR दर्ज करवाई थी। इस मामले की जांच ठाणे पुलिस कर रही है और कई बार बुलाने के बावजूद सिंह पूछताछ के लिए उनके सामने हाजिर नहीं हुए हैं। इसके बाद शुक्रवार को परमबीर के खिलाफ ठाणे पुलिस ने लुकआउट नोटिस जारी किया था।

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*