राजधानी दिल्ली में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. इसी कड़ी में बाहरी उत्तरी जिले की पुलिस ने बवाना इलाके में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए गैस सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से कुल 75 घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए हैं.
गाड़ी की चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम अनिल है. 50 वर्षीय अनिल दिल्ली के ही औचंडी गांव का रहने वाला है. पुलिस अधिकारियों को एक गुप्त सूचना मिली थी कि एक टाटा ऐस गाड़ी में गैरकानूनी तरीके से गैस सिलेंडरों की खेप ले जाई जा रही है. इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने सेक्टर-2, डीएसआईआईडीसी बवाना के पास नाकेबंदी कर दी. कुछ ही देर में संदिग्ध गाड़ी वहां पहुंची और तलाशी लेने पर उसमें से कई गैस सिलेंडर बरामद हुए.
गोदाम में छापेमारी
जब पुलिस ने आरोपी अनिल से इन सिलेंडरों के कागजात मांगे, तो वह कोई भी वैध लाइसेंस या परमिट नहीं दिखा पाया. इसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिसकी निशानदेही पर पास के ही एक गोदाम और कुछ कमरों में छापा मारा गया. वहां से पुलिस को और भी कई सिलेंडर मिले. जांच में पता चला है कि आरोपी बिना किसी सरकारी मंजूरी के इन सिलेंडरों को जमा कर रहा था, ताकि बाद में इन्हें ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमा सके. घनी आबादी वाले इलाके में इस तरह से गैस सिलेंडरों को रखना किसी बड़े और जानलेवा हादसे को न्योता देने जैसा था.
आगे की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में आरोपी तक गैस सिलेंडर कौन पहुंचा रहा था.
Bureau Report
Leave a Reply