छात्रों के प्रदर्शन से राजधानी में बढ़ा तनाव, अब सिर्फ इमरजेंसी में मिलेगी दिल्ली पुलिस को छुट्टी

छात्रों के प्रदर्शन से राजधानी में बढ़ा तनाव, अब सिर्फ इमरजेंसी में मिलेगी दिल्ली पुलिस को छुट्टी

नीट पेपर लीक को लेकर दिल्ली में जंतर-मंतर पर छात्र भारी तादाद में प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसको लेकर भारी संख्या में पुलिस बल जंतर-मंतर पर मौजूद है. ऐसे में दिल्ली में छात्रों का आंदोलन और कानून-व्यवस्था को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने एक कड़ा फैसला लिया है. दिल्ली पुलिस ने सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टी अगले आदेश तक रद्द कर दी है. अब सिर्फ इमरजेंसी हालात में ही पुलिसकर्मियों को छुट्टी मिल सकेगी.

पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी किए गए नए आदेश के मुताबिक, सभी रैंक के पुलिस अधिकारियों और जवानों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं. जब तक कोई नया आदेश नहीं आ जाता, तब तक किसी भी कर्मचारी को कैजुअल लीव (सीएल) या अर्न्ड लीव (ईएल) जैसी सामान्य छुट्टियां नहीं दी जाएंगी.

सिर्फ इमरजेंसी में मिलेगी अनुमति
प्रशासन ने अपने आदेश में यह स्पष्ट कर दिया है कि केवल बेहद जरूरी और वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों (इमरजेंसी) में ही छुट्टी मंजूर की जाएगी. इसके लिए भी सक्षम अधिकारी द्वारा मामले की पूरी तरह से पुष्टि की जाएगी। विभाग ने सभी डीसीपी (DCSP) को निर्देश दिया है कि वे इन नियमों का बहुत ही सख्ती के साथ पालन सुनिश्चित करें. छुट्टियों पर रोक लगाने के अलावा, विभाग ने यह भी फरमान जारी किया है कि अगले आदेश तक कोई भी पुलिसकर्मी किसी भी प्रकार के ट्रेनिंग कोर्स में शामिल नहीं होगा. अगर कोई कोर्स करना जरूरी है, तो उसके लिए सीधे दिल्ली के पुलिस कमिश्नर से विशेष अनुमति लेनी होगी. इस पूरे आदेश को पुलिस कमिश्नर की अंतिम मंजूरी के बाद ही लागू किया गया है.

पुलिस से मारपीट करने वाले असामाजिक तत्वों की खैर नहीं
सूत्रों के अनुसार, पुलिस का कहना है कि वे छात्रों की जायज बातों को सुनने और समझने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं, लेकिन आंदोलन की आड़ में हिंसा फैलाने वालों को बिल्कुल नहीं बख्शा जाएगा. पुलिस अब उन असामाजिक तत्वों और उपद्रवियों की पहचान करने में जुट गई है, जिन्होंने प्रदर्शन का फायदा उठाकर पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई और मारपीट की है. ऐसे सभी दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*