गुजरात के वडोदरा से मुंबई ड्रग्स ले जाने वाली 41 साल की मलेशियन एयरलाइंस की पूर्व एयर होस्टेस मानसी सैयद और उसके कथित साथी सोहेल सुलेमान शेख को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. यह मामला तब सामने आया, जब सूरत क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि बड़ी मात्रा में एमडी यानी मेफेड्रोन ड्रग्स एक कार के जरिए वडोदरा से मुंबई ले जाई जा रही है.
सूचना के आधार पर पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक टोल पोस्ट के पास संदिग्ध कार को रोक लिया. कार की तलाशी के दौरान पुलिस को करीब 977 ग्राम एमडी मिली. पुलिस के मुताबिक, बरामद ड्रग्स की कीमत करीब 30 लाख रुपये है. कार में मानसी सैयद और सोहेल सुलेमान शेख मौजूद थे. दोनों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया.
मोबाइल फोन और पैकिंग का सामान भी मिला
पुलिस को कार से सिर्फ ड्रग्स ही नहीं मिली. तलाशी के दौरान कई मोबाइल फोन के साथ प्लास्टिक की थैलियां और छोटे डिब्बे भी बरामद किए गए. जांच एजेंसियों को शक है कि इनका इस्तेमाल ड्रग्स को छोटी-छोटी मात्रा में पैक करने के लिए किया जाना था. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद ड्रग्स कहां से आई थी और मुंबई पहुंचने के बाद इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था. मामले में ड्रग नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है.
वडोदरा स्टेशन के पास मिली थी कथित खेप
पूछताछ में पुलिस को आरोपियों से पता चला कि दोनों ने मुंबई से एक कार किराये पर ली थी. इसके बाद वे ड्रग्स लेने के लिए वडोदरा पहुंचे. पुलिस के मुताबिक, वडोदरा रेलवे स्टेशन के पास एक अज्ञात महिला ने उन्हें ड्रग्स की कथित खेप सौंपी थी. इसके बाद दोनों का प्लान इस खेप को लेकर मुंबई लौटने का था. पुलिस का कहना है कि मुंबई पहुंचने के बाद ड्रग्स को छोटी मात्रा में बांटकर ग्राहकों तक पहुंचाया जाना था.
5 से 10 ग्राम की पुड़िया बनाने की थी तैयारी
जांच में सामने आया है कि बरामद एमडी को एक साथ बेचने के बजाय छोटी-छोटी मात्रा में बांटने का प्लान था. पुलिस के मुताबिक, करीब 5 से 10 ग्राम के पैकेट तैयार किए जाने थे और मांग के हिसाब से अलग-अलग लोगों को सप्लाई की जानी थी. इसका मतलब है कि जिस खेप को पुलिस ने एक्सप्रेसवे पर पकड़ लिया, वह कथित तौर पर मुंबई पहुंचने के बाद कई हिस्सों में बांटी जा सकती थी. पुलिस अब इस नेटवर्क के खरीदारों और दूसरे सप्लायरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
दोनों आरोपी मुंबई के रहने वाले
पुलिस के अनुसार, मानसी सैयद और सोहेल सुलेमान शेख मुंबई के सांताक्रूज इलाके में रहते हैं और दोनों एक-दूसरे को कई साल से जानते हैं. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों की मुलाकात ड्रग नेटवर्क के जरिए हुई थी या उनका पहले से कोई संबंध था. पूछताछ के दौरान सामने आई जानकारी के आधार पर पुलिस पुराने संपर्कों और मोबाइल फोन में मौजूद जानकारी को भी खंगाल रही है.
कभी एयर होस्टेस थी मानसी सैयद
इस मामले में गिरफ्तार मानसी सैयद की पुरानी जिंदगी भी पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन गई है. अधिकारियों के मुताबिक, मानसी पहले एयर होस्टेस के तौर पर काम कर चुकी है और मलेशियन एयरलाइंस में नौकरी के दौरान कई देशों की यात्रा कर चुकी है. पुलिस का दावा है कि साल 2015 से ही मानसी का संपर्क ड्रग नेटवर्क से था. जांच में यह भी सामने आया कि वह पहले मध्य प्रदेश में ड्रग्स से जुड़े मामले में गिरफ्तार हो चुकी है.
2021 में इंदौर में भी हुई थी गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, साल 2021 में मध्य प्रदेश के इंदौर में मानसी को करीब 100 ग्राम ड्रग्स के साथ पकड़ा गया था. इस मामले में उसे करीब चार साल जेल में रहना पड़ा था. पुलिस का कहना है कि उस पुराने मामले की जांच के दौरान मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय ड्रग सप्लाई नेटवर्क के साथ उसके कथित संपर्कों की जानकारी सामने आई थी. अब अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि उस पुराने नेटवर्क और मौजूदा मामले के बीच कोई सीधा कनेक्शन है या नहीं.
अब सप्लायर महिला की तलाश
सूरत क्राइम ब्रांच अब उस महिला की तलाश कर रही है, जिसने कथित तौर पर वडोदरा रेलवे स्टेशन के पास दोनों आरोपियों को ड्रग्स की खेप दी थी. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला किस नेटवर्क के लिए काम करती है और खेप का असली स्रोत क्या था? साथ ही, दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन और दूसरे सामान की जांच की जा रही है, जिससे मुंबई में उनके खरीदारों और ड्रग सप्लाई से जुड़े दूसरे लोगों की जानकारी मिल सके. फिलहाल पुलिस ने 977 ग्राम एमडी बरामद करने के साथ दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
Bureau Report
Leave a Reply