महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हाल के दिनों में छह राज्यों में छापेमारी की है। सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में इस मामले में कई अहम खुलासे हुए हैं, जिनके आधार पर विभिन्न राज्यों में छापेमारी की गई है। सीबीआई की यह छापेमारी अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, रायपुर, दुर्ग, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर में की गई।
सीबीआई अधिकारियों ने क्या बताया?
अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई की टीमों ने महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले की जांच के सिलसिले में पिछले कुछ दिनों में छह राज्यों के 33 ठिकानों पर छापेमारी की है। अधिकारियों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान डिजिटल डिवाइस, मोबाइल फोन और कई दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इनसे बेटिंग ऐप के लेनदेन में म्यूल बैंक खातों (दूसरों के नाम पर इस्तेमाल किए जाने वाले बैंक खाते) और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं।
सीबीआई ने छापेमारी के दौरान बेटिंग प्लेटफॉर्म के पैनल ऑपरेटरों से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया। सीबीआई के प्रवक्ता के मुताबिक, कई जगहों पर लाइव बेटिंग और जुए के पैनल चलते हुए मिले, जिन्हें बाद में बंद करा दिया गया।
भारत में पैनल ऑपरेटरों के जरिए होता है काम
सीबीआई अधिकारियों ने बताया, ‘अब तक की जांच में सामने आया है कि यह प्लेटफॉर्म विदेश से एक मुख्य कार्यालय के जरिए चलाया जाता है, जबकि भारत में इसका कामकाज पैनल ऑपरेटरों के जरिए होता है। ये ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी संभालते हैं और बेटिंग से मिलने वाली रकम ऐसे बैंक खातों में जमा कराते हैं, जिन्हें खास तौर पर दूसरे लोगों के नाम पर खोला या किराये पर लिया जाता है। इसके बाद मुनाफे की रकम हवाला के जरिए विदेश भेजी जाती है।’
सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में अहम खुलासे
सीबीआई ने बताया कि यह कार्रवाई ऐप के प्रमुख प्रमोटरों में से एक सौरभ चंद्राकर से मिली जानकारी के आधार पर की गई। चंद्राकर को ओमान से भारत प्रत्यर्पित किया गया था। चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद सीबीआई ने एक नवंबर को गिरफ्तार किया था।
इसके बाद रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत ने पूछताछ के लिए उसे आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था। अधिकारियों के अनुसार, चंद्राकर से पूछताछ में अवैध बेटिंग प्लेटफॉर्म के कामकाज और पूरे देश में फैले उसके पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क से जुड़ी कई जानकारियां सामने आईं। जांचकर्ताओं ने पूछताछ के दौरान उसके सामने जांच में जुटाए गए दस्तावेज और डिजिटल सबूत भी रखे। छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से जांच केंद्रीय एजेंसी को सौंपे जाने के बाद सीबीआई ने महादेव ऑनलाइन बुक मामले में दो एफआईआर दर्ज की हैं।
मामले की जांच जारी है। इसमें अन्य आरोपियों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है। इनमें विदेश में बैठकर काम करने वाले लोग, बेटिंग प्लेटफॉर्म की गतिविधियों में मदद करने वाले व्यक्ति और मामले से कथित तौर पर जुड़े सरकारी कर्मचारी शामिल हैं। सीबीआई ने यह भी बताया कि फरार चल रहे अन्य आरोपियों को भारत लाने के लिए उनके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू करने के कदम उठाए जा रहे हैं।
Bureau Report
Leave a Reply