अपनों के बिना पैसा किस काम का! कनाडा से भारत लौटा चेन्नई का शख्स, बताया विदेशों में चकाचौंध के पीछे का कड़वा सच

अपनों के बिना पैसा किस काम का! कनाडा से भारत लौटा चेन्नई का शख्स, बताया विदेशों में चकाचौंध के पीछे का कड़वा सच

विदेश जाकर पढ़ाई करना, नौकरी करना और वहीं बस जाना आज भी भारत में रहने वाले कई युवाओं का सपना है. भारतीय खासकर कनाडा, अमेरिका और ब्रिटेन जैसे देशों को बेहतर जिंदगी और बड़े अवसरों की जगह समझते हैं. लेकिन अब धीरे-धीरे कुछ लोग इस चमक के पीछे की दूसरी तस्वीर भी दिखाने लगे हैं. हाल ही में चेन्नई के रहने वाले एक भारतीय मूल के युवक ने कनाडा छोड़कर वापस भारत आने का फैसला किया और अब उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो ने लोगों के बीच एक नई बहस छेड़ दी है. कुछ लोग युवक की बातों से सहमत नजर आए, जबकि कुछ का कहना है कि विदेश में मिलने वाले अवसर और स्थिर जीवन को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.

पैसे का क्या फायदा, जब साथ बांटने वाला कोई ना हो

वायरल वीडियो में सुधर्शन नाम के युवक ने अपनी बात खुलकर रखी है. इस वीडियो में उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद फैसला लेकर कनाडा छोड़ा और भारत लौट आए. वीडियो में वह कहते हैं कि मैं खुद वापस भारत आ गया हूं. पैसे का क्या फायदा, अगर उसे खर्च करने के लिए आपके साथ कोई अपना ही न हो. उन्होंने आगे कहा कि भारत लौटने के काफी समय बाद उनके चेहरे पर असली मुस्कान आई है. उनका कहना था कि कनाडा की जिंदगी उन्हें अंदर से काफी अकेला और उदास महसूस कराती थी. सुधर्शन ने वीडियो में कनाडा को डिप्रेसिंग देश तक कह दिया. साथ ही लोगों से पूछा कि क्या कोई और भी ऐसा सोचता है?

एक सवाल ने बढ़ा दी चर्चा

वीडियो के कैप्शन में उन्होंने सिर्फ एक लाइन लिखी, ‘अगला कौन है?’ बस इसी एक सवाल ने सोशल मीडिया पर लोगों के बीच लंबी बहस शुरू कर दी. वीडियो तेजी से वायरल होने लगा और हजारों लोग अपने अनुभव शेयर करने लगे. कुछ लोगों ने कहा कि विदेश में कमाई जरूर अच्छी होती है, लेकिन वहां रिश्तों और अपनापन की कमी महसूस होती है. वहीं, कुछ ने कहा कि यह अनुभव हर इंसान के लिए अलग हो सकता है.

लोगों ने शेयर किए अपने अनुभव

वीडियो के कमेंट सेक्शन में कई लोगों ने अपनी कहानी भी लिखी. एक यूजर ने कहा कि मैं दो साल पहले कनाडा छोड़कर वापस आया था और अब पहले से ज्यादा खुश हूं. भारत में सब कुछ है, बस मेहनत करनी आनी चाहिए. वहीं, एक और यूजर ने लिखा कि तुमने सही फैसला लिया. कई लोग वहां रहकर भी वापस आना चाहते हैं, लेकिन हालात उन्हें रोक लेते हैं. एक तीसरे यूजर ने लिखा कि कम से कम भारत में आप बाइक लेकर बाहर निकल सकते हैं, लोगों से मिल सकते हैं और जिंदगी को महसूस कर सकते हैं. इन कमेंट्स से साफ दिखा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति की कहानी नहीं, बल्कि कई लोगों की सोच से जुड़ा मुद्दा बन चुका है.

विदेश की चमक के पीछे की दूसरी तस्वीर

कई सालों से विदेश जाकर बसना सफलता की पहचान माना जाता रहा है. लेकिन अब सोशल मीडिया पर ऐसे लोग भी सामने आ रहे हैं, जो वहां की जिंदगी की चुनौतियों के बारे में खुलकर बात कर रहे हैं. अकेलापन, परिवार से दूरी, मानसिक दबाव और सीमित सामाजिक जीवन जैसी बातें अब खुलकर सामने आने लगी हैं. खासकर युवा भारतीयों के बीच यह चर्चा बढ़ रही है कि सिर्फ ज्यादा कमाई ही खुश रहने की गारंटी नहीं होती. फिलहाल सुधर्शन का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है. कुछ लोग इसे भावनाओं से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ इसे जीवन के नजरिए का अंतर बता रहे हैं. लेकिन इस वीडियो ने एक बात जरूर याद दिलाई है कि जिंदगी में पैसा जरूरी है, मगर सुकून और अपने लोग भी उतने ही मायने रखते हैं.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*