उत्तर भारत पिछले एक हफ्ते से आग की भट्टी बना हुआ है. देश के अधिकतर शहरों का तापमान 45 डिग्री के आसपास चल रहा है. साथ ही, झुलसाने वाली गर्म हवाएं चल रही हैं. जिसके चलते दिन-रात, कहीं भी चैन नहीं मिल रहा. हालात ये हैं कि सुबह होते ही लोगों को दोपहर जैसा होने का एहसास होने लगता है. अब लोगों की नजरें बादलों की ओर लगी हैं कि बारिश आए तो थोड़ी राहत मिले. हालांकि, लोगों की उम्मीद पूरी होगी या नहीं, यह तो भविष्य की बात है लेकिन मौसम विभाग ने 22 मई के हालात के लिए बड़ा अपडेट जरूर जारी किया है.
उत्तर भारत में लू का रहेगा कहर!
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर भारत में आने वाले पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और यूपी में 22 मई को मौसम गर्म और सूखा रहेगा. कुछ जगहों पर आज हीट वेव चलने का अलर्ट है. मध्य भारत में आज गर्मी का प्रकोप रहेगा और तेज गर्मी लोगों को झुलसाएगी.
दक्षिण भारत के चेन्नई जैसे शहरों में 41-42°C के आसपास तापमान रहने का अनुमान है. इस दौरान लोगों को गर्मी के साथ भारी उमस का भी सामना करना पड़ेगा. कुछ इलाकों में हल्की बारिश के आसार बन रहे हैं. पूर्वोत्तर भारत में प्री-मानसून की गतिविधियां जारी हैं. जिसके चलते कई राज्यों में बारिश हो रही है. रुक-रुककर हो रही इस बारिश की वजह से तापमान अपेक्षाकृत नियंत्रित बना हुआ है.
आग की भट्टी बन जाएगा दिल्ली-एनसीआर!
दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो 22 मई को आसमान साफ और मौसम बेहद गर्म रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री तक जा सकता है. इस दौरान हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी और लोगों को रातों में भी राहत नहीं मिलेगी. आज बारिश की कोई संभावना नहीं है और आसमान साफ रहेगा. मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 21-27 मई के दौरान उत्तर-पश्चिम के मैदानी इलाकों में हीट वेव से लेकर गंभीर हीट वेव तक की स्थिति बनी रह सकती है.
IMD के अनुसार, मई की शुरुआत में अच्छी बारिश हुई थी, जिससे से देश के कई हिस्सों में गर्मी कम हुई थी. हालांकि, मध्य मई के बाद गर्मी तेज वेग के साथ वापस लौट आई है. 22 मई यानी आज उत्तर और मध्य भारत में लू का कहर बरपेगा, जबकि दक्षिण और पूर्वोत्तर में कुछ राहत मिल सकती है. राहत की एकमात्र बात ये है कि केरल में 26 मई के आसपास मानसून एंट्री कर सकता है. जो धीरे-धीरे उत्तर भारत की ओर चलना शुरू करेगा.
Bureau Report
Leave a Reply