भारत के ‘रेड मैप’ से जरा संभलकर! क्या गर्मी का रिकॉर्ड टूटेगा? अगले 72 घंटे मानसून की चाल जानिए

भारत के 'रेड मैप' से जरा संभलकर! क्या गर्मी का रिकॉर्ड टूटेगा? अगले 72 घंटे मानसून की चाल जानिए

भारतीय मौसम विभाग ने लोगों को अलर्ट करते हुए एक मैप जारी किया है. इसमें यूपी, एमपी समेत देश के कुछ राज्यों को लाल रंग में दिखाया गया है. इसका मतलब है कि यहां रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. पूरा भारत इस समय भीषण गर्मी और लू से जूझ रहा है. रात में भी सुकून गायब है. तड़के नहाने वालों को पाइप से आ रहा पानी गर्म मिल रहा है. ऐसे में यह मौसम संबंधी चेतावनी आई है. IMD ने आज (21 मई को) दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में हीटवेव (लू) को लेकर ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है. इसके अलावा, मध्य प्रदेश, पंजाब, उत्तर प्रदेश, विदर्भ, बिहार, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान, तेलंगाना और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी दिन के दौरान लू चलने की संभावना है. उधर, मानसून अपनी स्पीड से आगे बढ़ रहा है. 

उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 40 से 47 डिग्री के बीच बना हुआ है. यूपी के बांदा में पारा 49 डिग्री के करीब पहुंचता दिखा. पिछले 24 घंटे में वहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. मानसून का स्टेटस देखें, तो अगले तीन से चार दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, पूर्वी बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर के बाकी हिस्सों और पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. 

आगे एक हफ्ते कैसा रहेगा मौसम?

– 24 मई तक पश्चिम बंगाल के हिमालयी हिस्सों और सिक्किम में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है. 
– 21 से 23 मई के दौरान गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में, अगले एक हफ्ते बिहार में, 21 से 26 मई के दौरान झारखंड में, और 22 से 24 मई के दौरान ओडिशा में छिटपुट हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है. इसके साथ ही गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ भी बारिश हो सकती है.
– 22 मई को बिहार में, 20-23 और 24 मई को झारखंड में, और 20-21 मई को ओडिशा में गरज के साथ आंधी आने की संभावना है. 
– जम्मू-कश्मीर में 21-22 मई के दौरान, हिमाचल प्रदेश में 21 और 23 मई को और उत्तराखंड में 22 और 23 मई को छिटपुट से मध्यम बारिश, गरज, बिजली और तेज हवाओं (40-50 किमी प्रति घंटा की गति तक) की संभावना है. 
– जम्मू-कश्मीर में 21 मई को आंधी आने के आसार हैं. 
– 20 और 21 मई को कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में तथा 20 मई को मराठवाड़ा में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. 

IMD के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने कहा, ‘पूरा उत्तर-पश्चिमी भारत और मध्य भारत लगातार लू की चपेट में है, जिसकी शुरुआत पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से हुई है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी लू की स्थिति बनी हुई है. आने वाले दिनों में भी लगभग ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी. उत्तर-पश्चिमी भारत और मध्य भारत में लू की स्थिति अगले लगभग 7 दिनों तक बने रहने की उम्मीद है. हिमालयी क्षेत्रों में ये स्थितियां आज तक रह सकती हैं, लेकिन मैदानी इलाकों में इनके जारी रहने की उम्मीद है. हमने अगले तीन दिनों के लिए UP के दक्षिणी हिस्सों और MP के उत्तरी हिस्सों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है.

साइंटिस्ट ने कहा कि हमारा अनुमान है कि तापमान 47 डिग्री से ज्यादा रह सकता है. कुल मिलाकर, पंजाब, हरियाणा, UP और MP में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी है. हमें उम्मीद है कि दिल्ली-NCR में तापमान ऊंचा बना रहेगा. यहां भीषण लू की स्थिति बन सकती है. दिल्ली-NCR में तापमान 47 डिग्री के करीब भी पहुंच सकता है. इसी बात को ध्यान में रखते हुए, हमने दिल्ली-NCR के लिए अगले सात दिनों तक के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है.’

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*