ISI के हनीट्रैप नेटवर्क का खुलासा, सुरक्षाबलों के हत्थे चढ़ा देश का गद्दार; सैन्य छावनियों की भेजता था तस्वीरें

ISI के हनीट्रैप नेटवर्क का खुलासा, सुरक्षाबलों के हत्थे चढ़ा देश का गद्दार; सैन्य छावनियों की भेजता था तस्वीरें

जम्मू की जमीन से आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार सुरक्षाबल काम कर रहे हैं. घाटी में कई तरह के अभियान चलाए जा रहे हैं. इसी के तहत पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के कथित हनीट्रैप नेटवर्क से जुड़े एक बड़े खुलासे में जम्मू के सीमावर्ती इलाके मकवाल निवासी 24 वर्षीय कर्ण कुमार का नाम सामने आया है. सुरक्षा एजेंसियों को उम्मीद है कि आरोपी के मोबाइल फोन से पूरे जासूसी नेटवर्क के कई अहम राज खुल सकते हैं.

महिला एजेंट को भेजता था तस्वीरें

सुरक्षा एजेंसियों ने आरोपी का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसे फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) भेज दिया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि कर्ण कुमार अपने मोबाइल फोन से सैन्य छावनियों, सुरक्षाबलों की गतिविधियों और अन्य संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें और वीडियो बनाकर कथित महिला एजेंट को भेज रहा था. 

डिलीट कर देता था सबूत

सूत्रों के मुताबिक आरोपी सबूत मिटाने के लिए भेजे गए फोटो और वीडियो बाद में मोबाइल से डिलीट कर देता था. हालांकि जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि फोरेंसिक जांच के जरिए डिलीट किया गया डेटा रिकवर किया जा सकेगा, जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी ने अब तक पाकिस्तान को कितनी संवेदनशील जानकारी भेजी और क्या उसके संपर्क में कोई अन्य व्यक्ति भी था.

जांच में जुटी सुरक्षा एजेंसियां

बताया जा रहा है कि सतवारी थाना क्षेत्र का रहने वाला कर्ण कुमार कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर एक युवती के संपर्क में आया था, युवती ने खुद को दिल्ली निवासी बताते हुए एक अंतरराष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत होने का दावा किया. सूत्रों के अनुसार बेरोजगार युवक को नौकरी और मोटी रकम का लालच दिया गया. महिला एजेंट ने कथित तौर पर उससे कहा कि यदि वह कुछ खास स्थानों की तस्वीरें और वीडियो उपलब्ध करवाएगा तो उसे कंपनी में नौकरी दिलाई जाएगी. फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*