Karnataka Politics: क्‍या कांग्रेस कर्नाटक में बदलने जा रही CM? डीके शिवकुमार को मिलेगी कमान !

Karnataka Politics: क्‍या कांग्रेस कर्नाटक में बदलने जा रही CM? डीके शिवकुमार को मिलेगी कमान !

कर्नाटक में मई,2023 में जब कांग्रेस सत्‍ता में आई, तब से ही वहां सत्‍ता के दो केंद्र देखे जा रहे हैं. दरअसल उस वक्‍त ये बात निकलकर आई कि सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार ढाई-ढाई साल सीएम रहेंगे. कांग्रेस की तरफ से कभी कोई स्‍पष्‍ट बात नहीं की गई लेकिन इन दोनों नेताओं के खेमे से अपने नेता के समर्थन में बातें आती रहीं. जब ढाई साल पूरा हुआ तो इन चर्चाओं ने बल पकड़ा कि क्‍या अब सीएम सिद्धारमैया को हटाकर कांग्रेस आलाकमान डिप्‍टी सीएम डीके शिवकुमार को कर्नाटक की कमान दी जाएगी लेकिन उस वक्‍त मुख्‍यमंत्री की तरफ से ये कहा गया कि वो पूरे 5 साल के लिए मुख्‍यमंत्री हैं. कांग्रेस के अंदरखाने ये कहा जाता है कि राहुल गांधी, पिछड़े वर्ग के अहिंदा कार्ड के बड़े नेता सिद्दारमैया को हटाने का जोखिम नहीं लेना चाहते. वहीं दूसरी तरफ वोक्‍कालिगा समुदाय के मजबूत नेता शिवकुमार ने अपनी महत्‍वाकांक्षाओं को कभी छिपाया नहीं है. 

हालिया विधानसभा चुनावों में केरलम में जीत और तमिलनाडु में 59 साल बाद टीवीके के नेतृत्‍व में सत्‍ता में आने के बाद ऐसा जान पड़ता है कि कांग्रेस अब दक्षिण के अपने दुर्ग कर्नाटक में वर्षों से चल रही अंतर्कलह को निपटाने के मूड में है. लिहाजा कांग्रेस आलाकमान ने सिद्दारमैया और शिवकुमार को बातचीत के लिए दिल्‍ली बुलाया है. मंगलवार को इन नेताओं की कांग्रेस नेतृत्‍व से मुलाकात होगी. 

कर्नाटक कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर अटकलें तब से चल रही हैं, जब पिछले साल सरकार ने अपना ढाई साल का कार्यकाल पूरा किया था. पिछले 18 महीनों में, शिवकुमार के समर्थकों ने बार-बार यह दावा किया है कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री का पद संभाल लेंगे, हालांकि यह बदलाव अभी तक नहीं हुआ है.

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों में मुख्यमंत्री पद को लेकर स्थिति साफ होने की उम्मीद है. सूत्रों ने यह भी बताया कि चर्चाओं के दौरान राज्यसभा चुनाव, कैबिनेट में फेरबदल और MLC चुनावों सहित कई अन्य अहम मुद्दों पर भी फैसला होने की संभावना है.

सिद्धारमैया और शिवकुमार ने क्‍या कहा?

हालांकि इस बारे में सिद्धारमैया ने सोमवार को कहा कि उन्हें बुलाया तो गया है, लेकिन उन्हें एजेंडे के बारे में कोई जानकारी नहीं है. सिद्धारमैया ने पत्रकारों से कहा, ‘मुझे दिल्ली बुलाया गया है. मंगलवार सुबह 11 बजे एक मीटिंग है. मुझे एजेंडे के बारे में नहीं पता. श्री वेणुगोपाल ने मुझे फोन करके मीटिंग की तारीख और समय के बारे में बताया.’ कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों पर सिद्धारमैया ने कहा, ‘अटकलें तो हमेशा लगती रहती हैं.’ इससे पहले सोमवार को शिवकुमार ने कहा था, ‘मैं (दिल्ली) जा रहा हूं. कुछ खास स्थितियों में जाना पड़ता है, इसलिए मैं दिल्ली जा रहा हूं.” 

कर्नाटक कांग्रेस के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी दिल्ली दौरे को राज्यसभा चुनावों को लेकर संगठनात्मक चर्चाओं से जोड़ा है. सुरजेवाला ने कहा, ‘राज्यसभा चुनावों की अधिसूचना जारी हो चुकी है. पार्टी में लगातार चर्चाएं चल रही हैं. इसलिए कृपया कोई अटकलें न लगाएं. मैं बाकी सभी अटकलों को खारिज करता हूं.’ जब यह सवाल पूछा गया, तो कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ‘मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकता. राहुल जी बोलेंगे.’

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*