महंगे पेट्रोल का झंझट खत्म! मारुति ने लॉन्च की 100% एथेनॉल से चलने वाली Wagon R, कीमत और फीचर्स जान लीजिए

महंगे पेट्रोल का झंझट खत्म! मारुति ने लॉन्च की 100% एथेनॉल से चलने वाली Wagon R, कीमत और फीचर्स जान लीजिए

मिडिल ईस्ट संकट और लगातार बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दाम के बीच नई कार खरीदने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आ रही है. भारतीय ऑटोमोबाइल सेक्टर में कार बनाने वाली कंपनी Maruti Suzuki ने अपनी सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली कारों में से एक Wagon R का एक ऐसा नया अवतार पेश कर दिया है, जो पेट्रोल के बिना सीधे 100% एथेनॉल पर भी चल सकेगी.

भारत की पहली फ्लेक्स-फ्यूल कार Wagon R Bioflex को इस महीने की शुरुआत में ही पेश किया गया था, लेकिन तब इसकी कीमत सामने नहीं आई थी. अब इसकी कीमतें भी आधिकारिक तौर पर सामने आ चुकी हैं. अगर आप भी नई कार खरीदने का सोच रहे हैं, तो पहले जान लीजिए कि पेट्रोल वेरिएंट के मुकाबले यह नई कार आपकी जेब पर कितनी भारी पड़ने वाली है और साथ ही इस कार में आपको क्या फीचर्स मिलने वाले हैं…

पेट्रोल मॉडल से इतनी महंगी

ऑटोकार इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार मारुति वैगनआर बायोफ्लेक्स की शुरुआती कीमत ₹7.24 लाख एक्स-शोरूम तय की गई है. यह नया वेरिएंट वैगनआर के टॉप-स्पेक ZXi+ पेट्रोल-मैनुअल मॉडल पर आधारित है और उसकी तुलना में ₹86,000 ज्यादा महंगी है. चाहे आप मैटेलिक कलर लें या नॉन-मैटेलिक, यह ₹86,000 का प्रीमियम एक समान रहेगा. लेकिन ध्यान देने वाली बात यह है कि स्टैंडर्ड वैगनआर में मिलने वाला डुअल-टोन कलर ऑप्शन इस बायोफ्लेक्स मॉडल में नहीं मिलने वाला.

कमर्शियल वेरिएंट से अलग

कमर्शियल सेगमेंट की बात की जाए तो, वैगनआर बायोफ्लेक्स अपने Tour H3 वेरिएंट से लगभग ₹1.35 लाख से ₹2.25 लाख तक महंगी होगी. Tour H3 की कीमत ₹4.99 लाख से ₹5.89 लाख के बीच है, जिसमें छोटा 1.0-लीटर का इंजन मिलता है.

इंजन और तकनीकी में बड़ा बदलाव

Wagon R Bioflex में 1.2-लीटर का K12N फोर-सिलेंडर नेचुरल एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिल रहा है. इसे खास तौर पर हाई-एथेनॉल ब्लेंड यानी ज्यादा एथेनॉल वाले ईंधन पर चलन के लिए तैयार किया गया है. कार को एथेनॉल फ्रेंडली बनाने के लिए मारुति ने इसमें कई बड़े बदलाव भी किए हैं, जैसे-

अपग्रेटेड फ्यूल इंजेक्टर्स

रिवाइज्ड फ्यूल पंप और नई फ्यूल लाइन्स

री-कैलिब्रेटेड इंजन कंट्रोल यूनिट 

स्पेशल एथेनॉल सेंसर

इन बदलावों के बाद यह कार E20 यानी 20% एथेनॉल से लेकर E100 यानी 100% एथेनॉल तक के किसी भी ईंधन पर आसानी से दौड़ सकती है.

भारत के लिए क्यों खास है यह कार?

भारत सरकार कच्चे तेल के खरीद यानी इंपोर्ट को कम करने और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए एथेनॉल ईंधन को तेजी से बढ़ावा दे रही है. देशभर में E20 ईंधन उपलब्ध कराने के बाद, सरकार अब गन्ना, मक्का और सरप्लस चावल से बनने वाले हाई-एथेनॉल ब्लेंड पर ज्यादा फोकस कर रही है. हाल ही में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने देश की जीवाश्म ईंधन से निर्भरता कम करने के लिए 100% एथेनॉल ईंधन के इस्तेमाल को मंजूरी दी है. 

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*