हियरिंग लॉस समेत इन गंभीर परेशानियों से जूझ रही हैं अलका याग्निक, पद्म भूषण मिलने के बाद छलका दर्द

हियरिंग लॉस समेत इन गंभीर परेशानियों से जूझ रही हैं अलका याग्निक, पद्म भूषण मिलने के बाद छलका दर्द

बॉलीवुड की मशहूर प्लेबैक सिंगर अलका याग्निक को 23 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ‘पद्म भूषण’ से नवाजा. पद्म भूषण लेने के बाद सिंगर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने फैंस को अपनी हेल्थ के बारे में बताया है.

23 जून को अलका याग्निक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पद्म भूषण सम्मान लेने पहुंचीं. 60 साल की सिंगर को एक शख्स की मदद से मंच पर चढ़ते देखा गया, जिसे देखने के बाद फैंस हैरान रह गए. फैंस सिंगर को लेकर अपनी चिंता जताने लगे. जिसके बाद अलका याग्निक ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए फैंस को अपना हेल्थ अपडेट दिया. सिंगर ने बताया कि वह पिछले दो साल से स्पॉटलाइट से दूर हैं, क्योंकि वह हेल्थ संबंधी परेशानियों का सामना कर रही हैं.

बीमारी से जंग लड़ रही हैं अलका याग्निक

फेमस सिंगर अलका याग्निक ने बताया कि पिछले 2 साल से वह सुर्खियों से दूर हैं. ‘मैं सार्वजनिक मौजूदगियों और सफर करने से दूर रही हूं. आप में से कई लोग जानते होंगे कि मैं कठिन स्वास्थ्य दौर से गुजर रही थी और इस सब के बीच आपका प्यार, दुआएं, संदेश और अटूट समर्थन हर कदम पर मेरे साथ रहा.’ उन्होंने साल 2024 में पहली बार सोशल मीडिया पर दुनिया को अपनी इस तकलीफ के बारे में बताया था. उन्हें एक बेहद दुर्लभ बीमारी हुई है, जिसका नाम सेंसरिन्यूरल नर्व हियरिंग लॉस है. यह एक तरह का रेयर हियरिंग डिसऑर्डर है, जो अचानक एक वायरल अटैक की वजह से हुआ था.

पद्म भूषण मिलने पर जाहिर की खुशी

पोस्ट शेयर कर उन्होंने बताया, ‘आज जब मैं देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक, पद्म भूषण लेने के लिए आई, तो मेरा दिल आभार से भरा हुआ था. यह सम्मान मुझे बहुत विनम्रता के साथ मिला है. इस पर भले ही मेरा नाम है, लेकिन यह उतना ही उन हर श्रोता का भी है, जिन्होंने अपनी जिंदगी में मेरी आवाज को जगह दी है. मेरे गानों को हर पीढ़ी के लोगों ने सुना और यहां तक पहुंचाया. मैंने अपने करियर में काफी उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन फैंस ने हमेशा मेरा साथ दिया.

सिंगर ने आगे कहा, ‘यह पल मेरे लिए बहुत मायने रखता है. यह सिर्फ मेरे काम की मान्यता नहीं है, बल्कि प्यार, उम्मीद और हिम्मत से मिलने वाली ताकत की याद दिलाने वाला भी है. मैं धीरे-धीरे फिर से अपने पैरों पर खड़ी हो रही हूं और मैं आज यहां मौजूद होना चाहती थी, न सिर्फ अपने लिए, बल्कि उन सभी लोगों के लिए, जो मेरे इस सफर का हिस्सा रहे हैं.’

उन्होंने आगे लिखा, ‘मैं भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्रालय और भारत सरकार का भी बहुत-बहुत धन्यवाद करना चाहती हूं कि उन्होंने मुझे यह असाधारण सम्मान दिया. मैं इसे बहुत विनम्रता और सम्मान के साथ स्वीकार करती हूं. इतने सालों तक आपके प्यार, आपकी दयालुता, आपकी दुआओं और मुझ पर आपके भरोसे के लिए धन्यवाद. मैं इन सभी भावनाओं को अपने साथ संजोकर रखती हूं. आज मैंने सिर्फ एक अवॉर्ड ही स्वीकार नहीं किया, बल्कि उन लाखों लोगों का प्यार भी महसूस किया, जो मेरे सफर का हिस्सा रहे हैं.’

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*