राजधानी दिल्ली में वाहन चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए पश्चिमी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) को एक बड़ी कामयाबी मिली है. एटीएस की टीम ने एक शातिर वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो कुख्यात चोरों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनकी निशानदेही पर दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से चुराई गई 5 स्कूटी और 3 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. यह गिरोह जानबूझकर केवल टू-व्हीलर्स (स्कूटी और बाइक) को अपना शिकार बनाता था, क्योंकि इन्हें ठिकाने लगाना और बेचना बेहद आसान होता था.
जेल की हवा खा चुके हैं दोनों आरोपी
पकड़े गए आरोपियों की पहचान उत्तम नगर निवासी अजय उर्फ चिराग उर्फ चूचू (24 वर्ष) और विकासपुरी निवासी शिवम उर्फ अमन (22 वर्ष) के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, ये दोनों ही आदतन अपराधी हैं. इनका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और दोनों पहले भी वाहन चोरी के कई मामलों में जेल जा चुके हैं.
कैसे बिछाया गया जाल?
पश्चिमी जिले के डीसीपी हरेश्वर वी स्वामी ने इस पूरे ऑपरेशन की जानकारी देते हुए बताया कि इलाके में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए आला अधिकारियों के निर्देश पर AATS की टीम लगातार एक विशेष अभियान चला रही थी. इसी चेकिंग अभियान के दौरान टीम को एक गुप्त सूचना मिली. मुखबिर ने बताया कि दो आदतन वाहन चोर चोरी की एक सुजुकी एक्सेस स्कूटी को ठिकाने लगाने के इरादे से रघुबीर नगर के गंदा नाला रोड की तरफ आने वाले हैं.
फिल्मी स्टाइल में हुई गिरफ्तारी
सूचना मिलते ही एटीएस की टीम ने फौरन उस इलाके में एक रणनीतिक जाल बिछा दिया. कुछ ही देर में दो संदिग्ध बिना रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट वाली सुजुकी एक्सेस स्कूटी पर सवार होकर आते दिखाई दिए. जैसे ही उन्होंने सामने पुलिस टीम को देखा, उन्होंने घबराहट में यू-टर्न लेकर भागने की कोशिश की। लेकिन तेज रफ्तार और हड़बड़ाहट के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े. पुलिस टीम ने फुर्ती दिखाते हुए थोड़ी ही दूर पीछा कर दोनों को धर दबोचा.
8 थानों के मामले हुए हल
पुलिस की पूछताछ और सख्ती के बाद इन दोनों के पास से कुल 8 चोरी के वाहन (5 स्कूटी और 3 बाइक) बरामद किए गए. इन शातिर चोरों की गिरफ्तारी से दिल्ली पुलिस ने 8 अलग-अलग मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा किया है. ये वाहन जनकपुरी, मोतीनगर, महरौली, आदर्श नगर, अमन विहार, पटेल नगर, साउथ रोहिणी और नजफगढ़ जैसे इलाकों से चुराए गए थे. पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है.
Bureau Report
Leave a Reply