उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लोगों के लिए अच्छी खबर है. दिल्ली सरकार ने करावल नगर, घोंडा और बृजपुरी जंक्शन (मंगल पांडे मार्ग) पर बन रही डबल-डेकर फ्लाईओवर परियोजना के लिए 291 करोड़ रुपये की संशोधित लागत को मंजूरी दे दी है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई व्यय वित्त समिति (EFC) की बैठक में ये फैसला लिया गया.
इंटीग्रेटेड डबल-डेकर संरचना होगी
ये परियोजना यमुना विहार और भजनपुरा मेट्रो स्टेशन के बीच करीब 1.40 किलोमीटर लंबी बनाई जा रही है. इसकी खास बात ये है कि ये दिल्ली की पहली ऐसी इंटीग्रेटेड डबल-डेकर संरचना होगी, जिसमें फ्लाईओवर और मेट्रो ट्रैक एक साथ बनाए जा रहे हैं. परियोजना का निर्माण पीडब्ल्यूडी और दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) मिलकर कर रहे हैं. इसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना में सिर्फ फ्लाईओवर ही नहीं, बल्कि नई सड़कें, फुटपाथ, एलिवेटेड कॉरिडोर, रोड साइनेज, बिजली, ड्रेनेज और रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं. इससे इलाके का बुनियादी ढांचा और बेहतर होगा. सरकार के अनुसार, इस परियोजना की शुरुआती लागत 220.10 करोड़ रुपये थी. अब तक करीब 88 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और 220 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए जा चुके हैं. निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है.
हिस्सा ऊपरी मार्ग पर शिफ्ट हो जाएगा
फ्लाईओवर बनने के बाद यमुना विहार और भजनपुरा के बीच ट्रैफिक का बड़ा हिस्सा ऊपरी मार्ग पर शिफ्ट हो जाएगा. इससे सड़क पर जाम कम होगा और लोगों का सफर पहले से ज्यादा आसान और तेज होगा. सबसे बड़ा फायदा ये होगा कि गोकुलपुरी से सिग्नेचर ब्रिज तक लोगों को सिग्नल-फ्री यात्रा की सुविधा मिलेगी. सरकार का कहना है कि इस परियोजना के पूरा होने से उत्तर-पूर्वी दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा और रोजाना आने-जाने वाले हजारों लोगों को राहत मिलेगी.
Bureau Report
Leave a Reply