महाराष्ट्र की राजनीति को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है. कल देर रात तक गृहमंत्री अमित शाह के घर चली बैठक के बाद अनुमान लगाया जा रहा है कि महाराष्ट्र में एक बार फिर कुछ बड़ा उलटफेर हो सकता है. सूत्रों की मानें तो एनसीपी का शरद पवार गुट एनडीए का हिस्सा हो सकता है. जिसको लेकर कल रात लंबी चर्चा हुई है. कहा यह भी जा रहा है एनसीपी के एनडीए में आने की अटकलों के चलते ही केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में देरी हो रही है.
बता दें कि मंगलवार देर रात गृहमंत्री अमित शाह के आवास पर एक बड़ी बैठक हुई. इस बैठक में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन मंत्री बीएल संतोष समेत महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी शामिल हुए. इस बैठक के बीच ही हाल ही में उद्धव ठाकरे गुट के 6 सांसद जो अब शिवसेना( एकनाथ शिंदे) के साथ हैं ने भी अमित शाह से मुलाकात की.
कहा जा रहा है कि कल की बैठक में महाराष्ट्र की राजनीति को लेकर लंबी चर्चा हुई है. संभावना इस बात की भी जताई जा रही है कि एनसीपी (शरद पवार) गुट भी एनडीए के साथ आ सकती है. इसको लेकर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हाल ही में शरद पवार से मुंबई में मुलाकात भी की थी. लेकिन अब तक वो बात सिरे नहीं चढ़ पाई है.
कहा जा रहा है कि एनसीपी (शरद पवार ) चाहती है कि उनके नेता सुप्रिया सुले को केंद्र सरकार में एक महत्वपूर्ण भूमिका दी जाए. उनकी तरफ से एक भारी भरकम मंत्रालय का सुझाव भी दिया गया है. जिसपर फिलहाल भाजपा मंथन कर रही है. सूत्रों की मानें तो इसी वजह से केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार को फिलहाल होल्ड किया गया है.
इससे उलट सुप्रिया सुले ने ऐसी किसी भी संभावना से इनकार किया है. हाल ही में सुप्रिया सुले ने मीडिया के सामने आकर कहा था कि भाजपा के साथ जाने का सवाल ही नहीं उठता है. सुप्रिया सुले ने इन खबरों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है. उन्होंने इन दावों को भी सिरे से नकारते हुए कहा कि पार्टी के सभी नेता और सांसद पूरी तरह एकजुट हैं और गठबंधन में कोई दरार नहीं है.
Bureau Report
Leave a Reply