गुजरात के सूरत से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने न्याय व्यवस्था पर भरोसा करने वाले लोगों को झकझोर कर रख दिया है. जिस वकील पर एक 13 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता को अदालत में न्याय दिलाने में मदद करने की जिम्मेदारी थी, उसी पर बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है. पुलिस ने आरोपी वकील को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है.
पुलिस के अनुसार, पीड़ित बच्ची के माता-पिता दिहाड़ी मजदूर हैं. वे अपनी बेटी के पुराने रेप केस की कानूनी पैरवी में मदद के लिए आरोपी वकील प्रणयराज रणवीर (43) के पास पहुंचे थे. बताया गया कि वकील ने केस देखने के लिए 15 हजार रुपये फीस मांगी. जब परिवार ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए रकम देने में असमर्थता जताई, तो उसने कथित तौर पर कहा कि फीस की जगह बच्ची उसके घर घरेलू काम कर दे, तो वह केस में मदद करेगा.
घर बुलाकर किया यौन शोषण, फिर दी धमकी
शिकायत के मुताबिक, जब बच्ची आरोपी के घर पहुंची तो उसने पहले उसके कपड़े उतरवाए, फिर उसके साथ जबरन अश्लील हरकत की और बाद में दुष्कर्म किया. आरोप है कि घटना के बाद वकील ने बच्ची को धमकाया कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया तो वह उसके पहले से चल रहे रेप केस को कमजोर कर देगा और उसे न्याय नहीं मिलने देगा. डर के कारण बच्ची कुछ समय तक चुप रही.
पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी गिरफ्तार
सचिन जीआईडीसी थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर मंगलवार को आरोपी वकील को गिरफ्तार कर लिया. उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत दुष्कर्म, 16 वर्ष से कम उम्र की बच्ची से रेप, अपराध में बच्चे का इस्तेमाल, चोट पहुंचाने और आपराधिक धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं. इसके अलावा पॉक्सो (POCSO) एक्ट की गंभीर धाराओं में भी केस दर्ज किया गया है.
पहले भी रेप की शिकार हो चुकी थी बच्ची
पुलिस के मुताबिक, यह वही बच्ची है जिसका सितंबर 2025 में कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया था. करीब दो महीने बाद, 23 नवंबर 2025 को उसे बरामद किया गया था. उस समय उसकी उम्र 12 वर्ष थी. जांच में सामने आया था कि दो लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया था. उस मामले में दोनों आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है. उसी केस की कानूनी प्रक्रिया में मदद के लिए परिवार ने इस वकील से संपर्क किया था.
आरोपी पर पहले भी दर्ज हो चुके हैं कई मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, प्रणयराज रणवीर का आपराधिक मामलों से पहले भी नाता रहा है. उसके खिलाफ अहमदाबाद के बावला क्षेत्र में पत्नी से दहेज मांगने और क्रूरता बरतने का मामला दर्ज हो चुका है. इसके अलावा शराबबंदी कानून के उल्लंघन, मारपीट, दंगा और अन्य आपराधिक मामलों में भी अहमदाबाद और सुरत के अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ केस दर्ज होने की जानकारी सामने आई है.
Bureau Report
Leave a Reply