महीने के आखिरी दिन घरेलू शेयर बाजार में तेजी देखी जा रही है. शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स चढ़कर 78000 अंक के पार चला गया. निफ्टी सूचकांक में भी तेजी देखी जा रही है और यह 24361 अंक पर खुला. कारोबार की शुरुआत में 30 शेयर वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स कल के मुकाबले 70 अंक की तेजी के साथ 77,998 अंक पर खुला. लेकिन बाद कुछ ही देर में यह चढ़कर 78,070 अंक पर पहुंच गया. 78000 अंक के पार जाने के बाद शेयर बाजार गूगल पर ट्रेंड करने लगा. शुरुआती कारोबार के दौरान ही सेंसेक्स के आधे से ज्यादा शेयर हरे निशान के साथ कारोबार कर रहे हैं. सबसे ज्यादा तेजी बजाज फाइनेंस के शेयर में देखी जा रही है.
इससे पहले गुरुवार शाम को शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी देखी गई. कारोबारी सत्र के अंत में सेंसेक्स चढ़कर 77,928.15 अंक के लेवल पर पहुंच गया. वहीं, निफ्टी सूचकांक 66.95 अंक उछलकर 24,317.15 अंक पर बंद हुआ था. पूरे दिन के कारोबारी सत्र के दौरान HDFC बैंक के शेयर में अच्छी बढ़त देखी गई थी. गुरुवार को सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी IT सबसे मजबूत रहा और इसमें 1.68% की बढ़त दर्ज की गई.
इन शेयर में दिखी सबसे ज्यादा तेजी
- बजाज फाइनेंस
- बजाज फिनसर्व
- महिंद्रा एंड महिंद्रा
- इंडिगो
- बीईएल
एशियाई बाजार का क्या रहा हाल?
हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शेयर मार्केट में चौतरफा जबरदस्त तेजी और ऐतिहासिक रिकवरी देखने को मिली. कल रात अमेरिकी बाजार में टेक शेयरों में आए उछाल और माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) व अमेजन (Amazon) जैसी दिग्गज कंपनियों के शानदार तिमाही नतीजों ने एशियाई मार्केट में जान फूंक दी. इस तेजी के दम पर आज एशिया में निवेशकों की तरफ से जबरदस्त खरीदारी की गई. बाजार में सबसे बड़ा धमाका साउथ कोरिया के कोस्पी (Kospi) इंडेक्स में देखने को मिला, जो 14% से भी ज्यादा चढ़ गया. इस तेजी का कारण चिप बनाने वाली दिग्गज कंपनियों ‘एसके हाइनिक्स’ (SK Hynix) और ‘सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स’ (Samsung Electronics) के शेयरों में आई रिकॉर्ड तेजी रही. बाजार आए इस अप्रत्याशित उछाल के कारण सर्किट लग गया.
अमेरिकी शेयर बाजार का क्या रहा रुख?
अमेरिकी शेयर बाजार में भी शानदार तेजी दर्ज की गई. इसका अहम कारण एआई (AI) बेस्ड टेक शेयरों में हुई बंपर खरीदारी रही. माइक्रोसॉफ्ट के क्लाउड रेवेन्यू में आए 43% के जबरदस्त उछाल और एआई इंफ्रास्ट्रक्चर पर अमेजन के पॉजिटिव आउटलुक ने निवेशकों के भरोसे को और मजबूत किया. इसके साथ ही दिग्गज चिप मेकर कंपनियों के शेयरों में जोरदार तेजी देखी गई. एएमडी (AMD) के शेयर 6% चढ़े, वहीं एनवीडिया (Nvidia) में भी 4.8% का उछाल देखा गया. टेक शेयरों में आई तेजी के दम पर नैस्डैक कंपोजिट 2.8% की मजबूती के साथ 25,122.18 पर बंद हुआ और छह दिनों से चल रही गिरावट पर रोक लग गई.
Bureau Report
Leave a Reply