Maharashtra TET पेपर लीक का मास्टरमाइंड बिहार से गिरफ्तार, आरोपी बिजेंद्र कुमार गुप्ता से पुणे में होगी पूछताछ; खुलेंगे कई राज!

Maharashtra TET पेपर लीक का मास्टरमाइंड बिहार से गिरफ्तार, आरोपी बिजेंद्र कुमार गुप्ता से पुणे में होगी पूछताछ; खुलेंगे कई राज!

महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. इस मामले के मुख्य आरोपी बिजेंद्र कुमार गुप्ता को बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया है. भिवंडी पुलिस ने उसे हिरासत में लेने के बाद पुणे एयरपोर्ट पहुंचाया, जहां से आगे की पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया के लिए आरोपी बिजेंद्र गुप्ता को पुणे ले जाया जाएगा. पुलिस का मानना है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं.

जांच एजेंसियां काफी समय से मुख्य आरोपी की तलाश कर रही थीं. लगातार की गई जांच और तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस को उसकी लोकेशन बिहार में मिली. इसके बाद भिवंडी पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया.

पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी बिजेंद्र गुप्ता से पूछताछ के दौरान ये जानने की कोशिश की जाएगी कि पेपर लीक की पूरी साजिश कैसे रची गई, इसमें किन-किन लोगों की भूमिका थी और प्रश्नपत्र किस तरह अभ्यर्थियों तक पहुंचाया गया. जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल करेंगी कि क्या इस नेटवर्क के तार दूसरे राज्यों तक भी जुड़े हुए हैं.

पहले भी हुई थीं कई गिरफ्तारियां

महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में इससे पहले भी कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. जांच के दौरान पुलिस ने ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की थी, जिन पर परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने या पेपर लीक की साजिश में शामिल होने का आरोप है. अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को इस मामले की जांच में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

जांच पर रहेगी नजर

मुख्य आरोपी के पुलिस हिरासत में आने के बाद जांच और तेज होने की उम्मीद है. अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ से मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. अगर इस मामले में अन्य लोगों का नाम सामने आता है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कदम उठाए जाएंगे.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*