किसानों की बढ़ेगी कमाई! हरियाणा में Mushroom Farming पर 50% तक Subsidy, क्या है पूरा प्लान?

किसानों की बढ़ेगी कमाई! हरियाणा में Mushroom Farming पर 50% तक Subsidy, क्या है पूरा प्लान?

हरियाणा सरकार राज्य में बागवानी और कृषि क्षेत्र को ज्यादातर लाभकारी बनाकर किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में लगातार कोशिश कर रही है. इसी कड़ी में प्रदेश के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि हरियाणा आज सफेद बटन मशरूम उत्पादन में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत जगह बना रहा है. राज्य सरकार किसानों को मशरूम इकाइयां स्थापित करने के लिए 40 से 50 प्रतिशत तक का अनुदान दे रही है. इसके साथ ही अनुसूचित जाति के किसानों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए विशेष योजनाएं लागू की गई हैं, जिसके तहत अलग-अलग बागवानी गतिविधियों पर 85 प्रतिशत तक की भारी सब्सिडी प्रदान की जा रही है.

कृषि मंत्री ने क्या कहा?  
कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य में बागवानी के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश में बागवानी को व्यापक और आधुनिक स्तर पर बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक नई बागवानी पॉलिसी तैयार की जा रही है, जिसे जल्द ही लागू कर दिया जाएगा.इस साल राज्य के सभी जिलों में स्मार्ट बागवानी तकनीकों जैसे संरक्षित खेती, एरोपोनिक्स, हाइड्रोपोनिक्स, ग्रीनहाउस और वर्टिकल फार्मिंग को तेजी से प्रोत्साहित किया जाएगा और लगभग 1,000 एकड़ क्षेत्र को इन आधुनिक तकनीकों के दायरे में लाने का लक्ष्य रखा गया है.

हरियाणा सरकार बागवानी के लिए सुविधाएं क्यों दे रही है?     
हरियाणा सरकार बागवानी किसानों को उत्पादन से लेकर फसल की बिक्री तक बेहतर सुविधाएं देने की तैयारी कर रही है. बागवानी मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि किसानों को बेहतर संस्थागत सहयोग देने के लिए विभाग के ढांचे में बदलाव किया जाएगा. इसके तहत विभाग का पुनर्गठन कर इसका नाम बागवानी एवं विपणन विभाग करने का प्रस्ताव है. इसका उद्देश्य किसानों को फसल उत्पादन, वैल्यू एडिशन और मार्केटिंग से जुड़ी सुविधाएं एक बेहतर व्यवस्था के तहत उपलब्ध कराना है.

कौन से पोर्टल रहेगा खुला
2026-27 में मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर बागवानी फसलों का पंजीकरण पूरे साल खुला रहेगा. इससे किसानों को अपनी फसल का विवरण दर्ज कराने के लिए तय समय का इंतजार नहीं करना पड़ेगा. सरकार फसलों के बेहतर भंडारण और कीमतों में स्थिरता के लिए कोल्ड चेन नीति भी लागू करेगी. इसके जरिए बागवानी उत्पादों को सुरक्षित रखने के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में निर्यात को बढ़ावा देने की तैयारी है. मंत्री ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य हरियाणा की कृषि को आधुनिक, टिकाऊ और किसानों के लिए अधिक मुनाफे वाला बनाना है.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*