पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक भीषण हादसा हुआ है. यहां पर एक होटल में भीषण आग लगने से कम से कम 9 लोगों की जान गई है. होटल शिखा में लगी आग को काबू में पाने के लिए दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं. इससे पहले दिल्ली में भी एक ऐसी ही घटना हुई थी, जहां पर होटल में आग लगने के कारण 20 से अधिक लोगों की जान गई थी.
दरअसल, यह हादसा ऐसे समय पर हुआ, जब इससे पहले बंगाल के बीरभूमि जिले के तारापीठ मंदिर के पास स्थित एक होटल में भीषण आग लगी थी. जिसमें कम से कम 6 लोगों की जान गई. इसके ठीक एक दिन बाद हुए इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़ा कर दिया है.
हादसे में कई बांग्लादेशी नागरिकों की मौत
समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, दमकल विभाग के सूत्रों ने बताया कि आग रात के करीब 2 बजे लगी. इस हादसे में कुछ बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल थे, जो इलाज कराने के लिए कोलकाता आए थे और इसी होटल में ठहरे थे. हालांकि, आग किन कारणों से लगी, इसकी जानकारी सामने नहीं आ सकी है. कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि देर रात एसी फटने के कारण यह हादसा हुआ.
कहां हुई घटना?
हादसा कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल शिखा की है. जहां इमारत के एक हिस्से में तड़के सुबह आग लग गई. हालांकि, घटना के तुरंत बाद दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू किया। जानकारी के अनुसार, चार दमकल गाड़ियों की मदद से होटल में लगी आग पर काबू पा लिया गया.
घटना के दौरान इस इमारत में कुल कितने लोग मौजूद थे, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आ सकी है. बताया यह भी जा रहा है कि हादसे के दौरान कई लोग इमारत के भीतर फंस गए थे. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.
आग लगने की वजह का पता नहीं
गौरतलब है कि जहां पर यह हादसा हुआ, उसी के पास दमकल विभाग का कार्यालय स्थित है. ऐसे में माना जा रहा है कि इसी कारण दमकल के कर्मचारी जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पा लिया. हालांकि, आग किन कारणों से लगी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. पुलिस समेत कुछ अधिकारी मौके पर पहंचे हैं और मामले की जांच में लग गए हैं.
होटल में आग लगने पर क्या करें?
- किसी भी जगह पर आग लगने के बाद तुरंत कारणों का पता नहीं होता. ऐसे में किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पर पानी न डालें. इससे आग के और भड़कने के साथ आपको करंट लगने का खतरा हो सकता है.
- अगर किसी भी इमारत में आग लगी है, तो लिफ्ट का इस्तेमाल न करें. इमारत की इमरजेंसी एग्जिट की ओर जाएं और सीढ़ियों के सहारे बाहर भागें.
- अगर किसी भी इमारत में आग लगने के दौरान कभी भी ऊपर की मंजिल की ओर न जाएं. आग और धुआं हमेशा ऊपर की ओर जाता है, ऐसे में ऊपरी मंजिलों में दम घुटने का खतरा बढ़ जाता है.
- कई बार आग लगने के बाद लोग खिड़ियां खोल देते हैं, जिससे धुआं बाहर निकले. लेकिन बाहर से आने वाली हवा में आक्सीजन काफी अधिक होता है, जिससे आग और बढ़ सकती है.
Bureau Report
Leave a Reply