शुक्राचार्य की ताकत, ‘महाकाली’ का रौद्र रूप… 2 मिनट 53 सेकंड की झलक ने झककोरा, जानिए कब रिलीज होगी श्रिया-अक्षय की फिल्म

शुक्राचार्य की ताकत, 'महाकाली' का रौद्र रूप... 2 मिनट 53 सेकंड की झलक ने झककोरा, जानिए कब रिलीज होगी श्रिया-अक्षय की फिल्म

भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े और भव्य प्रोजेक्ट्स में से एक ‘महाकाली’ की पहली झलक आखिरकार दर्शकों के सामने आ गई है. प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स का हिस्सा बनी इस फिल्म ने अपनी पहली ही झलक से इंटरनेट का पारा बढ़ा दिया है. इस बार पर्दे पर महाकाली के रौद्र रूप के साथ-साथ बॉलीवुड एक्टर अक्षय खन्ना का ऐसा खौफनाक अवतार देखने को मिला है जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी.

फिल्म ‘महाकाली’ की पहली झलक का सबसे बड़ा सरप्राइज और आकर्षण अक्षय खन्ना ही हैं. हाल ही में अपने नेगेटिव किरदारों से तहलका मचाने वाले अक्षय खन्ना इस फिल्म में असुरों के शक्तिशाली गुरु शुक्राचार्य की भूमिका में नजर आ रहे हैं. उनकी तीखी नजरें, गंभीर भाव और डरावने अंदाज ने हर किसी के रोंगटे खड़े कर दिए हैं. पहली झलक सामने आते ही उनके इस लुक की चर्चा हर तरफ होने लगी है और दर्शकों में उनके किरदार को लेकर जबरदस्त उत्सुकता बन गई है.

शुक्राचार्य बनकर पर्दे पर छाए अक्षय खन्ना

‘महाकाली’ का यह पहली झलक सिर्फ एक फिल्म की झलक नहीं है, बल्कि यह धर्म और अधर्म के बीच होने वाले एक बेहद भयानक महायुद्ध की ओर साफ इशारा करता है. इसमें दिखाया गया है कि कैसे गुरु शुक्राचार्य के नेतृत्व में असुर एक ऐसा युद्ध छेड़ते हैं जो पूरी दुनिया का भविष्य तय करने वाला है. पहली झलक में ‘द एंड बिगिन्स’ का मैसेज इस संघर्ष की गंभीरता को और बढ़ा देता है जिससे दर्शकों को एक बेहतरीन थ्रिलर का अहसास होता है.

शानदार विजुअल्स और भव्य दुनिया

फिल्म के मेकर्स ने इस बार स्क्रीन पर जो दुनिया रची है, वह वाकई काबिल-ए-तारीफ है. पावरफुल विजुअल इफेक्ट्स और कमाल की वर्ल्ड-बिल्डिंग से यह साफ हो जाता है कि दर्शकों को थियेटर में बहुत बड़े पैमाने का सिनेमाई अनुभव मिलने वाला है. फिल्म में श्रिया रेड्डी की रहस्यमयी मौजूदगी भी कहानी में एक नया ट्विस्ट जोड़ती दिख रही है. हर एक फ्रेम को इतने करीने से तैयार किया गया है कि दर्शक अपनी पलकें भी नहीं झपका पाएंगे.

निर्माताओं ने क्या कहा?

फिल्म के प्रोड्यूसर रिवाज दुग्गल का कहना है कि ‘महाकाली’ की जड़ें हमारे भारतीय इतिहास से गहराई से जुड़ी हुई हैं. उनका मकसद इस पौराणिक गाथा को आज के दर्शकों के हिसाब से बेहद भव्य और मॉडर्न अंदाज में पेश करना है. उन्होंने बताया कि अक्षय खन्ना का शुक्राचार्य बनना कहानी को एक नई गहराई देता है और यह सिर्फ एक शुरुआत है, आगे चलकर दर्शकों को इस यूनिवर्स में और भी कई बड़े सरप्राइज मिलने वाले हैं.

कब रिलीज होगी फिल्म?

‘हनुमान’ की अपार सफलता के बाद प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स की इस अगली कड़ी का निर्देशन पूजा अपर्णा कोल्लूरु ने किया है. आरकेडी स्टूडियोज के बैनर तले बन रही इस भव्य फिल्म में अक्षय खन्ना के अलावा भूमि शेट्टी, श्रिया रेड्डी और रोहित सराफ जैसे कलाकार अहम रोल में दिखेंगे. फिल्म की रिलीज डेट से भी पर्दा उठ चुका है और यह महागाथा 8 जनवरी 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*