चूहे, कॉकरोच, मक्खियां और छिपकली, दर्जनों लाइसेंस सस्पेंड, कहीं आप तो नहीं खाते यहां से मंगाकर खाना?

चूहे, कॉकरोच, मक्खियां और छिपकली, दर्जनों लाइसेंस सस्पेंड, कहीं आप तो नहीं खाते यहां से मंगाकर खाना?

महाराष्ट्र में लोगों को जहरीले फूड आइटम्स से बचाने के लिए युद्ध स्तर पर काम हो रहा है. मुंबई में अभी 100 साल पुराने ओलंपिया कॉफी हाउस पर ताला लटकने का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि एक बार फिर राज्य के मशहूर संस्थानों पर एफडीए का चाबुक चला है. ताजा एक्शन में 86 मशहूर प्रतिष्ठानों पर रेड के बीच 14 नए दिग्गजों के लाइसेंस कैंसिल हुए हैं. 23 से 27 सितंबर के बीच कई शहरों में कुल 30 खाद्य लाइसेंस सस्पेंड हुए हैं. FDA ने अपने महाअभियान में सवा करोड़ लागत की 51 हजार किलो खाद्य सामग्री भी जब्त की है. एफडीए के मुताबिक मुंबई के 13, कोंकण के 6, पुणे के 8 और छत्रपति संभाजीनगर संभाग के 3 प्रतिष्ठानों का लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन रद्द किया है.

ओलंपिया के बाद अब इन पर गाज

17 सितंबर के आस पास मुंबई के कोलाबा स्थित मशहूर 108 साल पुराने ओलंपिया कॉफी हाउस पर हाईजीन मेंटेन न करने पर एक्शन हुआ था और 27 सितंबर आते-आते क्यानी एंड कंपनी, कोलाबा स्वीट मार्ट, अरुण विलास फरसाण, रुचि वेज रेस्तरां, डैफोडिल्स फास्ट फूड इन और सबवे समेत कई मशहूर प्रतिष्ठान तुकाराम मुंढे के राडार पर आए तो उनके खिलाफ भी खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई हुई. इन सभी दुकानों में साफ सफाई की व्यवस्था में तमाम खामियां देखने को मिली.

फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन के औचक निरीक्षण के दौरान नकली खोया, पनीर, घी, मिठाइयां, तेल, मसाले, सूखे मेवे और अन्य खाद्य सामग्रियां जब्त की गई. निरीक्षण के दौरान इन नामी-संस्थानों में कॉकरोच, मक्खी-मच्छर और छिपकली का प्रकोप नजर आया. कहीं फ्रिज में नॉनवेज आइटम्स के खून के छीटे समेत अन्य गंदगी थी, तो एक जगह खाद्य सामग्री रखने वाली जगह के पास यूरिनल था.

क्यानी एंड कंपनी के इन्सपेक्शन के दौरान जहां सामान स्टोर किया जाता था वहां बिल्लियां, मक्खियां और कॉकरोच पाए गए. कोलाबा स्वीट मार्ट में कॉकरोच, छिपकलियां और मक्खियां मिलीं और कानूनी शिकंजे में फंसे तमाम प्रतिष्ठानों के पास जरूरी पेस्ट कंट्रोल यानी कीट नियंत्रण की व्यवस्था का इंतजान नहीं मिला. FDA की टीम को 108 साल पुराने ओलंपिया कॉफी हाउस के निरीक्षण के दौरान भोजन बनाने, उसे स्टोर करने के नियमों का उल्लंघन का आरोपी पाया था.

शुद्ध के लिए तुकाराम का युद्ध

कई प्रतिष्ठानों में स्टाफ को बेसिक हाईजीन की समझ ही नहीं थी. उन्हें सुरक्षा इंतजामों का पालन करने के लिए कोई ट्रेनिंग भी नहीं दी गई थी. FDA ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि प्रतिबंधित खाद्य उत्पादों के खिलाफ अलग से लिए गए एक्शन में 22 एफआईआर यानी प्राथमिकी दर्ज करके, 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया. इसी दौरान तीन प्रतिष्ठानों को सील करने के साथ ये जहरीला आइटम ले जाने के लिए इस्तेमाल होने वाली तीन वाहन भी जब्त किए गए.

एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने कहा कि मिलावटी जहर बेचने वाले हों या गंदगी के बीच खाने-पीने का सामान बनाने और भंडारण करने वाले सभी छोटे-बड़े संस्थानों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ उनका कानूनी डंडा चलता रहेगा.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*