जमशेदपुर सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव पर गुरुवार (24 सितंबर, 2026) तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई. हादसा इतना भयावह था कि तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ब्रेकडाउन ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी. टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर ट्रेलर में फंस गया. कार में सवार मंत्री दीपिका पांडे की बेटी समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची.
कार को काटकर शवों को निकाला गया बाहर
डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर और सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन ने घटनास्थल का जायजा लिया. कार में शव इस तरह फंसे थे कि उन्हें बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी. काफी मशक्कत के बाद कार को काटकर शवों को बाहर निकाला गया. पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है.
पुलिस के अनुसार, हादसे में मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और तृषा सिंह के रूप में हुई है. तृषा सिंह के मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी होने की जानकारी सामने आई है. रात से सड़क पर खड़ा था ट्रेलर डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर ने बताया कि संबंधित ट्रेलर बुधवार रात करीब 10 बजे से ही मरीन ड्राइव पर ब्रेकडाउन होने के कारण खड़ा था.
मरीन ड्राइव पर अफरा-तफरी का माहौल
तड़के तेज रफ्तार कार उसी ट्रेलर के पीछे जा टकराई. प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और सड़क पर खड़े ट्रेलर से जुड़ी परिस्थितियों को माना जा रहा है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं. दुर्घटना के बाद मरीन ड्राइव पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
सीएम सोरेन ने किया पोस्ट
सीएम हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में राज्य सरकार में साथी मंत्री एवं बहन दीपिका पांडेय सिंह की बेटी एवं अन्य लोगों के निधन की बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है. अपनी संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है. इस अत्यंत कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं बहन दीपिका और शोकाकुल परिवारों के साथ हैं. इस अपूरणीय क्षति के लिए शब्द नहीं हैं. मरांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें.
Bureau Report
Leave a Reply