जमुई छेड़खानी मामलाः छात्रा को उठाकर भागने वाला आज दोनों पैरों पर चलने के काबिल भी नहीं रहा

जमुई छेड़खानी मामलाः छात्रा को उठाकर भागने वाला आज दोनों पैरों पर चलने के काबिल भी नहीं रहा

जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ छेड़खानी मामले के मुख्य आरोपी नंदन यादव का एनकाउंटर हो गया है. पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त भागने की कोशिश कर रहा था. उसे पकड़ने के लिए उसका हाफ एनकाउंटर करना पड़ा. अभियु्क्त नंदन यादव के पैरों में गोली मारी है, जिससे वह लंगड़ा हो गया है. इसी दौरान नंदन के एक साथी का भी पैर टूट गया है. उसका नाम हरेराम यादव बताया जा रहा है. बता दें कि नंदन यादव वही शख्स है, जिसने वारदात के वक्त अपने चेहरे पर गमछा बांधा हुआ था और वह लगातार लड़की के प्राइवेट पार्ट्स को टच कर रहा था. इतना ही नहीं वह लड़की को उठाकर भागता भी नजर आ रहा था. अब पुलिस की कार्रवाई के बाद वह अपने दोनों पैरों पर सही से चलने के काबिल नहीं बचा.

पुलिस को सूचना मिली थी कि मुख्य आरोपी नंदन यादव अपने एक साथी के साथ मड़वा पहाड़ी पर छिपा हुआ है. गुप्त सूचना पर पुलिस ने मड़वा पहाड़ी की घेराबंदी करने के बाद आरोपी को सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन नंदन यादव ने पुलिस की बात ना मानते हुए भागने की कोशिश की. आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने उसके पैर पर निशाना लगाया. गोली बिल्कुल सटीक निशाने पर लगी और मुख्य आरोपी हमेशा के लिए अपाहिज हो गया. उसके साथ मौजूद हरेराम यादव का भी पहाड़ी से कूदने की वजह से पैर टूट गया. 

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी नंदन यादव और उसका साथी हरेराम यादव, दोनों जमुई सदर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव के रहने वाले हैं. दोनों ट्रैक्टर चालक हैं और बालू ढोने का काम करते हैं. घटना को अंजाम देने के बाद से दोनों फरार चल रहे थे. वहीं, पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी. पुलिस का शिकंजा कसता देख आरोपी बिहार छोड़कर भागने की फिराक में था. वह अपने मंसूबे में कामयाब होता, इससे पहले ही पुलिस उस तक पहुंच गई. 

हाफ एनकाउंटर के बाद पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है. दोनों की सुरक्षा को देखते हुए अस्पताल परिसर और इमरजेंसी वार्ड के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल को भी तैनात कर दिया गया है. इस घटना में शामिल तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और अन्य की तलाश अभी भी जारी है.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*