नोएडा की इस जमीन में ऐसा क्या खास? DLF को पछाड़कर इस बिल्डर ने फाइनल की 1839 करोड़ की डील

नोएडा की इस जमीन में ऐसा क्या खास? DLF को पछाड़कर इस बिल्डर ने फाइनल की 1839 करोड़ की डील

दिल्ली-एनसीआर का रियल एस्टेट मार्केट लगातार आगे बढ़ रहा है. अब यहां के बाजार में एक नया इतिहास बन गया है. रियल एस्टेट सेक्टर की दिग्गज कंपनी M3M इंडिया ने नोएडा एक्सप्रेसवे के पास सेक्टर-108 में 12.5 एकड़ का कमर्शियल मिक्स-यूज प्लॉट 1,839 करोड़ रुपये में खरीदा है. इस डील को फाइनल करने के लिए M3M ने देश की दिग्गज रियल एस्टेट कंपनी डीएलएफ (DLF) को कड़ी टक्कर देकर पछाड़ दिया. नोएडा में इसे अब तक की सबसे दूसरी सबसे महंगी जमीन की डील माना जा रहा है.

M3M इंडिया ने पिछले दिनों नोएडा के सेक्टर-108 में स्थित करीब 50 हजार वर्ग मीटर (49,932 वर्ग मीटर) जमीन के कमर्शियल मिक्स-यूज प्लॉट को 1,839 करोड़ रुपये में फाइनल किया है. अथॉरिटी की तरफ से इस प्लॉट की रिजर्व कीमत 836 करोड़ रुपये तय की गई थी. इसका सीधा मतलब यह हुआ कि जमीन अपने तय बेस प्राइस से दोगुने से भी ज्यादा दाम पर बिकी है. यदि डील की इस रकम में करीब 150 करोड़ रुपये की स्टांप ड्यूटी और दूसरे सरकारी चार्ज को जोड़ दिया जाए तो इसकी कुल कॉस्टिंग 2,000 करोड़ रुपये के पार हो जाएगी. डील पर खर्च की रकम के हिसाब से देखें तो M3M ग्रुप ने एक एकड़ जमीन के लिए करीब 147 करोड़ रुपये का भुगतान किया है.

M3M और DLF के बीच जबरदस्त जंग

नोएडा की इस सबसे महंगी डील को फाइनल करने के लिए देश की दो सबसे बड़ी रियल एस्टेट कंपनियों के बीच जबरदस्त होड़ देखने के लिये मिली. इस नीलामी प्रोसेस में M3M इंडिया और DLF के अलावा गोदरेज प्रॉपर्टीज को भी शामिल किया गया था. हालांकि, गोदरेज प्रॉपर्टीज ने अंतिम बोली प्रोसेस में हिस्सा नहीं लिया. डीएलएफ की तरफ से इस प्राइम प्लॉट के लिए 1,740 करोड़ रुपये की आखिरी बोली लगाई गई. लेकिन M3M इंडिया ने 1,839 करोड़ रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाकर बाजी मार ली.

नोएडा में इतनी महंगी क्यों हो रही जमीन?

नोएडा अथॉरिटी की असिस्टेंट जनरल मैनेजर शोभा कुशवाहा ने बताया कि शहर में कमर्शियल प्लॉट की भारी किल्लत है. नोएडा एक्सप्रेसवे के किनारे अब तीन से चार कमर्शियल प्लॉट ही बचे हैं. इसके अलावा कुछ गिने-चुने प्लॉट्स सेक्टर-142 में एडवांट बिल्डिंग के पास बचे हुए हैं. यही कारण है कि देश के दिग्गज डेवलपर्स मौजूद जमीनों को खरीदने के लिए जबरदस्त तरीके से बोलियां लगा रहे हैं. जमीन की कम उपलब्धता के कारण नोएडा के कमर्शियल रियलएस्टेट मार्केट के दाम को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है.

सेक्टर-108 की लोकेशन की खासियत

सेक्टर-108 का यह प्लॉट बेहद स्ट्रैटजिक और प्राइम लोकेशन पर है. यह कमर्शियल प्लॉट सीधे नोएडा एक्सप्रेसवे से कनेक्ट होता है और पुलिस कमिश्नर ऑफिस से सटा हुआ है. इसके आसपास बड़े-बड़े आईटी और आईटीईएस हब पहले से चल रहे हैं. आने वाले समय में एक्वा लाइन के बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 कॉरिडोर बनने के बाद इस पूरे इलाके को सीधी मेट्रो कनेक्टिविटी भी मिल जाएगी. अथॉरिटी ने इस जमीन को मिक्स-यूज कैटेगरी में रखा है. यानी 50 हजार वर्ग मीटर के इस प्लॉट पर लग्जरी शॉपिंग प्लाजा, हाई-स्ट्रीट रिटेल, फाइन-डाइनिंग रेस्तरां और कमर्शियल स्पेस के अलावा रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट भी बन सकते हैं.

नोएडा में बाकी बड़ी डील

एम3एम की तरफ से फाइनल की गई यह डील नोएडा के इतिहास की दूसरी सबसे महंगी कमर्शियल लैंड डील बताई जा रही है. इससे पहले साल 2008 में BPTP कैपिटल सिटी ने सेक्टर-94 में 95 एकड़ जमीन के लिए 5,006 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी. हालांकि, बाद में अथॉरिटी की एग्जिट पॉलिसी के तहत उसने 21 एकड़ जमीन रखकर बाकी को वापस कर दिया था. इसके अलावा साल 2021 में IKEA ने सेक्टर-51 में 12.3 एकड़ जमीन 850 करोड़ रुपये में खरीदी थी. M3M ने खुद नवंबर 2022 में सेक्टर-94 में 12 एकड़ जमीन 827 करोड़ रुपये में खरीदी थी. इस जमीन पर ‘M3M द कलिनन’ प्रोजेक्ट चल रहा है. साल 2026 की शुरुआत में भी M3M ने सेक्टर-98 में 6 एकड़ जमीन की डील 414 करोड़ रुपये में की थी.

ऑक्शन में अन्य प्लॉट्स की भी बिक्री

नोएडा अथॉरिटी की तरफ से आयोजित की गई नीलामी में सेक्टर-108 के अलावा चार दूसरे बड़े कमर्शियल प्लॉट्स की भी बिक्री की गई. ये सभी प्लॉट 20,000 वर्ग मीटर से ज्यादा एरिया वाले थे. सेक्टर-96 में 24,000 वर्ग मीटर का प्लॉट सेपसेट प्रॉपर्टीज ने 414.8 करोड़ रुपये में खरीदा. सेक्टर -98 के दो प्लॉट को मंगलम मल्टीप्लेक्स और बिगोनिया बिल्डर्स ने 414-414 करोड़ रुपये में फाइनल किया. वहीं सेक्टर-132 में मैक्स एस्टेट ने 271.93 करोड़ रुपये में प्लॉट अपने नाम किया. इन चारों नीलामियों से नोएडा अथॉरिटी को 1,515 करोड़ रुपये का अतिरिक्त रेवेन्यू मिला है.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*