पैसों को लेकर कहासुनी… फिर निकाली पिस्टल, PG संचालक के सिर में मारी गोली

पैसों को लेकर कहासुनी... फिर निकाली पिस्टल, PG संचालक के सिर में मारी गोली

गुरुग्राम से एक मामला सामने आया है, जहां पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक PG संचालक को गोली मार दी गई. घटना सेक्टर-14 इलाके की है, जहां आरोपी ने घर में घुसकर PG संचालक हेमंत कौशिक के सिर में गोली मार दी. गोली लगने के बाद हेमंत गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.

क्यों हुआ विवाद? 
जानकारी के अनुसार, हेमंत कौशिक और अमरजीत के बीच काफी समय से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी पुराने विवाद को लेकर अमरजीत हेमंत के घर पहुंचा था. उस समय घर में हेमंत के साथ उनकी पत्नी और दोस्त ललित भी मौजूद थे. बताया जा रहा है कि घर पहुंचने के बाद अमरजीत और हेमंत के बीच पैसों को लेकर बातचीत शुरू हुई. बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई. कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित तौर पर हथियार निकाल लिया और हेमंत के सिर पर गोली चला दी. गोली लगने से हेमंत गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गए.

पुलिस अलग-अलग जगहों पर दे रही दबिश
घटना के तुरंत बाद आरोपी अमरजीत मौके से फरार हो गया. हेमंत के दोस्त ललित ने मामले की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही सेक्टर-14 थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है और वारदात से जुड़े सबूत जुटाए जा रहे हैं. पुलिस के अनुसार, घायल हेमंत को इलाज के लिए फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. वहीं, घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है. आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.

जांच में क्या आया सामने? 
सेक्टर-14 थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पैसों के पुराने विवाद से जुड़ा हुआ सामने आया है. हालांकि, पुलिस वारदात के पीछे की पूरी वजह और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और आरोपी के पास हथियार कहां से आया. फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. पुलिस का कहना है कि उसे जल्द पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. मामले में आगे की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आने की उम्मीद है.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*