महाराष्ट्र का नाटक: राहुल गांधी के एक फोन से पलटा सियासी खेल, BJP में जाने वाला था दिग्गज नेता

महाराष्ट्र का नाटक: राहुल गांधी के एक फोन से पलटा सियासी खेल, BJP में जाने वाला था दिग्गज नेता

भारत की सियासी माया बड़ी विचित्र है. यहां अनायास ऐसे ऑफर आ जाते हैं, जिन्हें ठुकराना आसान नहीं होता. ‘जो प्यार से मिला हम उसी के हो लिए’ जैसी उदारवादी और समतामूलक सोच पर ध्यान न देकर, मुसीबत में साथ नहीं छोड़ने वाला ही आपका सच्चा मित्र होता है. दोस्ती और आपसी रिश्तों के इसी मान का ध्यान एक खांटी कांग्रेसी नेता और पूर्व विधायक ने रख लिया तो महाराष्ट्र में मुसीबतों से घिरी कांग्रेस को एक और झटका लगने से बच गया.

सूत्रों के हवाले से सामने आए इस ‘सियासी नाटक’ के मुख्य पात्र थे कांग्रेस के पूर्व एमएलए राहुल बोंडरे, जिन्होंने राहुल गांधी से बात करने के बाद आजीवन कांग्रेस के साथ रहने की कसम खा ली. इस एपिसोड की एक वीडियो क्लिप वायरल हो रही है,

मनुहार से पिघला मन

दरअसल बुलढाना के खांटी कांग्रेसी नेता बोंडरे, बस बीजेपी ज्वाइन करने जा ही रहे थे कि उनके फोन पर बजी एक घंटी ने उन्हें अपना मन बदलने पर मजबूर कर दिया. इसकी वजह कांग्रेस आलाकमान से गया राहुल गांधी का एक फोन कॉल थी. एक मिनट और 10 सेकेंड के वीडियो में राहुल गांधी की बात सुनकर बोंडरे उन्हें भैया-भैया कहकर संबोधित कर रहे हैं.

इस कॉल में राहुल गांधी कहते हैं देखो तुम पर प्रेशर डाल रहे हैं, ये गलती मत करो. किसी से डरने की जरूरत नहीं है. हारे बिना जीता नहीं जा सकता. इसके बाद बोंडरे कहते हैं कि आपने फोन करके हौसला बढ़ाया मैं अब लड़ूंगा. फिर से लड़ूंगा.’

तो देखा आपने कैसे बोंडरे के कांग्रेस छोड़ने का ऐलान करते ही उन्हें राहुल गांधी का फोन आ गया. राहुल गांधी ने बोंडरे की तारीफ करते हुए मनुहार लगाई और फैसले पर फिर से विचार करने को कहा तो उन्होंने तत्काल अपना मन बदल दिया.

गौरतलब है कि चिखली से पूर्व विधायक राहुल बोंडरे बीजेपी में शामिल होने का ऐलान एक फेसबुक लाइव के जरिए कर चुके थे. बताया जा रहा है कि अगर ये विकेट गिर जाता तो, पहले से फॉलोआन का सामना करके हार चुकी कांग्रेस के लिए बहुत बड़ा झटका साबित होता.

हर्षवर्धन सपकाल को धन्यवाद देने के बाद यू-टर्न

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब बोंडरे फेसबुक ब्रॉडकास्ट लाइव पर आए, तब उन्होंने बीजेपी में जाने का फैसला सार्वजनिक रूप से अपने समर्थकों को बता दिया था. उसी लाइव में उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल समेत पार्टी के अन्य नेताओं का भी धन्यवाद किया था.

इमोशनल कार्ड काम कर गया- बीजेपी दे चुकी थी ऑफर!

इस इमोशनल फोन कॉल से पिघले पूर्व विधायक ने कहा कि आपने फोन करके खुद मेरा हाल जाना. अगर अब मेरा सबकुछ चला जाए तो भी कांग्रेस के लिए काम करते रहेंगे.

एक मराठी प्रकाशन की रिपोर्ट के मुताबिक, चिखली की बीजेपी एमएलए श्वेता महाले तो ये तक कह दिया था कि मंगलवार 22 सितंबर को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में बोंडरे की बीजेपी में जॉइनिंग होगी. इन्हीं बोंडरे साहब ने श्वेता महाले के खिलाफ पिछला विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वो उनसे 3702 वोट से हार गए थे.

राहुल गांधी की ‘गूंज’ के बाद ‘ऑपरेशन लोटस’ और ऑपरेशन टाइगर की ‘चर्चा’

महाराष्ट्र में जेन जी को लुभाने के लिए राहुल गांधी ने कोटा, देहरादून और प्रयागराज के बाद 22 अगस्त को पुणे में ‘गूंज’ नामके कार्यक्रम का आयोजन हुआ था. उसके बाद से ऑपरेशन लोटस और सितंबर की शुरुआत में ऑपरेशन टाइगर की चर्चाओं ने जोर पकड़ा था. हालांकि तब शिवसेना एमएलए मुर्जी पटेल का दावा था कि उद्धव ठाकरे की पार्टी के 14 विधायक एकनाथ शिंदे गुट के संपर्क में हैं और जल्द ही असली शिवसेना में शामिल हो सकते हैं.

हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया था. इसलिए ऐसी खबरों को तब तक सियासी अटकलें ही कहा जाता है, जब तक कि इसकी पुष्टि न हो जाए.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*