मुंबई में एक बार फिर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) का एक्शन देखने को मिला है. शहर में खाने-पीने से जुड़े चार प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं. जानकारी के अनुसार, कोलाबा स्थित चर्चित कैफे मोंडेगर, कांदिवली ईस्ट का महाराष्ट्र बिरयानी सेंटर, त्रिभुवन डेयरी फार्म और महावीर काजू एंड फूड्स प्राइवेट लिमिटेड पर एक्शन लिया गया और नियमों की अनदेखी करने के आरोप में लाइसेंस भी रद्द किया गया.
दरअसल, एफडीए के अधिकारियों ने जांच के दौरान पाया कि खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, तापमान नियंत्रण, साफ-सफाई और खाद्य प्रतिष्ठानों में जरूरी स्वच्छता मानकों से जुड़ी कमियां हैं. मुंबई के अलावा पुणे डिवीजन में भी खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ एक्शन लिए गए. इस दौरान कोल्हापुर के होटल मल्हार वाडा और पुणे के पूरमचंद एंड संस का लाइसेंस सस्पेंड किया गया है.
FDA ने क्यों लिया एक्शन?
समाचार एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, कोलाबा स्थित कैफे मोंडेगर के खिलाफ कार्रवाई के मामले में 12 सितंबर को मेट्रो हाउस, कोलाबा, मुंबई स्थित प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया था. जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि यह नियमों की अनधेखी की गई है. जांच के दौरान यह भी पाया गया कि गर्म खाद्य पदार्थों को निर्धारित सुरक्षित तापमान यानी 60 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं रखा जा रहा था.
इसके साथ ही कोल्ड स्टोरेज में रखे जाने वाले खाद्य पदार्थों के लिए आवश्यक 5 डिग्री सेल्सियस से कम तापमान का भी पालन नहीं किया गया. वहीं, खाने की चीजों को सही तरीके से पिघलाने यानी विगलन की प्रक्रिया में भी कमी देखने को मिली. इसके अलावा पके हुए भोजन को तेजी से ठंडा करने की आवश्यक प्रक्रिया का पालन नहीं किए जाने की बात सामने आई.
कैफे मोंडेगर ने निरीक्षण के दौरान पाया कि साफ-सफाई और बुनियादी ढांचे से संबंधित समस्याओं का भी निस्तारण नहीं किया गया है. नमी के कारण परिसर का फर्श खराब हो गया था. खाना तैयार करने वाली जगह के आसपास ड्रेनेज सिस्टम भी उचित स्थिति में नहीं था. ऐसी स्थिति में खाद्य पदार्थों के संपर्क में दूषित पानी या गंदगी आने से क्रॉस-कंटैमिनेशन का खतरा पैदा हो सकता है.
बिरयानी सेंटर के खिलाफ FDA की बड़ी कार्रवाई
इसे अलावा मुंबई में दूसरी सबसे बड़ी कार्रवाई महाराष्ट्र बिरयानी सेंटर के खिलाफ की गई. 11 सितंबर को खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शॉप नंबर 4, एन. गोविंदराज चॉल, हनुमान नगर, अकुरली रोड, कांदिवली ईस्ट, ग्रेटर मुंबई – 400101 स्थित इस प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया. जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा से संबंधित शेड्यूल 4 के नियमों का उल्लंघन पाया गया.
जांच के दौरान पाया गया कि इस सेंटर पर खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों की अनदेखी की गई है. इसके बाद प्रतिष्ठान का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया. इस मामले में लागू नियमों के अनुसार आगे कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी जारी है. मुंबई में त्रिभुवन डेयरी फार्म, मुंबई के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है.
पुणे की प्रसिद्ध दुकान पर एक्शन
मुंबई के अलावा पुणे डिवीजन में भी खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. कोल्हापुर स्थित होटल मल्हार वाडा का लाइसेंस सस्पेंड किया गया है. इसके साथ ही पुणे स्थित पूरमचंद एंड संस के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उसका लाइसेंस सस्पेंड किया गया है.
Bureau Report
Leave a Reply