लाइव शो से पहले चली गई सिंगर की जान! महज 44 की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा; अचानक बिगड़ी तबीयत और फिर…

लाइव शो से पहले चली गई सिंगर की जान! महज 44 की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा; अचानक बिगड़ी तबीयत और फिर...

म्यूजिक इंडस्ट्री के जाने-माने सिंगर निसार वायनाड अब हमारे बीच नहीं रहे. शनिवार शाम को दुबई के एक अस्पताल में महज 44 साल की उम्र में उन्होंने अपनी आखिरी सांस ली. गल्फ न्यूज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, निसार अपने एक लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट की तैयारी में थे, जो अजमान में ऑर्गेनाइज होने वाला था, लेकिन उस शो से कुछ ही घंटे पहले उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया. निसार को म्यूजिक की दुनिया में उनकी शानदार सिंगिंग के लिए जाना जाता था. लोगों का मानना था कि उनकी आवाज काफी हद तक बॉलीवुड के दिग्गज सिंगर उदित नारायण से मिलती-जुलती थी. 

निसार का असली नाम निसार अरोथ इब्राहिम था. उनके अचानक चले जाने से उनका पूरा परिवार टूट गया है. वे अपने पीछे अपनी पत्नी और दो बेटियों को अकेला छोड़ गए. गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार दोपहर को निसार को तेज बुखार की शिकायत के बाद तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था. 44 साल के इस बेहतरीन सिंगर की मौत की मेन वजह ‘एसिडोसिस’ बताई जा रही है. निसार के सबसे करीबी दोस्त नौजास कयाक्कूल वो आखिरी शख्स थे, जिनकी निसार से अस्पताल जाने से पहले बातचीत हुई थी. अपने दोस्त को याद करते हुए नौजास ने बताया, ‘वो कल सुबह ही मेरे साथ थे’. 

कम उम्र में उठाया था परिवार का जिम्मा

उन्होंने आगे बताया, ‘मुझे पता था कि उन्हें पिछले दो दिनों से हल्का बुखार था, लेकिन वे इसे नॉर्मल समझकर सिर्फ पैरासिटामोल ले रहे थे. बाद में दिन में उनका फोन आया कि तबीयत ज्यादा खराब होने की वजह से वो अस्पताल जा रहे हैं. जब मुझे अस्पताल से पता चला कि उनकी हालत नाजुक है, तो मैंने बेहतर इलाज की पूरी कोशिश की, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके’. गल्फ न्यूज से बात करते हुए उनके दोस्त नौजास ने बताया, ‘निसार ने अपने पिता के इंतकाल के बाद बहुत ही छोटी उम्र में पूरे परिवार की जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठा ली थी. उन्होंने जिंदगी भर बहुत मेहनत की और अब वे भी हम सभी को इतनी जल्दी छोड़कर चले गए’. 

मेडिकल रिपोर्ट में हुआ मौत का खुलासा

उन्होंने कहा, ‘वे सिर्फ एक बेहतरीन और हुनरमंद सिंगर ही नहीं थे, बल्कि मेरे लिए एक बेहद करीबी और प्यारे दोस्त भी थे. उनका जाना मेरे और उनके पूरे परिवार के लिए एक ऐसा नुकसान है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती’. निसार अपने स्वभाव और सादगी के लिए अपने चाहने वालों के बीच खूब पॉपुलैरिटी हासिल की. हर कोई उनकी इस तरह अचानक हुई मौत से सदमे मे है. गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, डॉक्टरों के मेडिकल रिपोर्ट्स में निसार की मौत की सीधा वजह एसिडोसिस ही बताया गया है. इसके अलावा रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि उन्हें ‘सेप्टिसीमिया’ यानी सीरियस इंफेक्शन भी था, जिसने उनके इंटरनल ऑर्गन को इफेक्ट कर दिया था. 

नम आंखों से केरल में दी गई अंतिम विदाई

इस इंफेक्शन की वजह से उनकी बॉडी में ब्लड और बाकी जरूरी तरल पदार्थों में एसिड की मात्रा बहुत ज्यादा बढ़ गई थी, जिसे संभालना डॉक्टरों के लिए नामुमकिन हो गया. निसार डायबिटीज के मरीज भी थे. हालांकि, उनके दोस्त नौजास का कहना था कि इसके अलावा उन्हें किसी और बड़ी बीमारी की जानकारी नहीं थी. तेज बुखार को नॉर्मल मान लेना और समय पर बड़ा इलाज न मिलना उनके लिए भारी पड़ गया. निसार के पार्थिव शरीर को जब अंतिम विदाई देने की तैयारी हुई, तो उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए उनके करीब 300 दोस्त और चाहने वाले उमड़ पड़े. उनका अंतिम संस्कार केरल में उनके होम टाउन वायनाड में पूरे रीति-रिवाज के साथ किया गया. 

मुश्किल वक्त में दोस्तों ने बढ़ाया हाथ

निसार को आखिरी विदाई देने के लिए यूएई में रहने वाले मशहूर मलयालम व्लॉगर शाहिद मणिक्कोथ भी जनाजे की नमाज में शामिल हुए. अपने शहर में निसार की विदाई के वक्त माहौल पूरी तरह गमगीन था. हर कोई यही कह रहा था कि इतनी कम उम्र में इस तरह की प्रतिभा का चले जाना बेहद दुखद है. उनके अंतिम सफर में शामिल हर शख्स की आंखें अपने पसंदीदा सिंगर को खोने के गम में नम थीं. अंतिम संस्कार के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए यूएई के व्लॉगर शाहिद मणिक्कोथ ने अपने इमोशन जाहिर किए. उन्होंने लिखा, ‘मुझे यूएई में 17 साल हो गए, लेकिन मैंने पहली बार देखा कि किसी के पार्थिव शरीर को उसके घर भेजने से जुड़े सभी कागजी काम महज चार घंटे के अंदर पूरे कर लिए गए’. 

निसार वायनाड का म्यूजिक करियर

निसार वायनाड ने 2000 के दशक की शुरुआत में म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनानी शुरू की थी. धीरे-धीरे मप्पिला और मलयालम एल्बम गानों की दुनिया में मशहूर हो गए. गल्फ न्यूज के मुताबिक उनकी आवाज की तुलना अक्सर बॉलीवुड सिंगर्स उदित नारायण से की जाती थी. अब तक वे दर्जनों, बल्कि 100 से ज्यादा गानों और एल्बम ट्रैक्स को अपनी आवाज दे चुके हैं. उनके फेमस गानों में ‘अरारुम अरियाथे’, ‘उम्मा’, ‘नसिरिया’, ‘वा स्नेहमे’ और ‘या नबिये सलाम’ शामिल हैं. म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स के मुताबिक, उनका आखिरी रिलीज गाना ‘अरारुम अरियाथे’ (2025) और ‘उम्मा’ के नए वर्जन्स में से एक माना जाता है.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*