2 करोड़ बजट, 7000 शोज और 36 गुना कमाई… बॉक्स ऑफिस पर हुआ चमत्कार! Hanuman Ansh की दीवानी हुई ऑडियंस; मिली 9.2 की रेटिंग

2 करोड़ बजट, 7000 शोज और 36 गुना कमाई... बॉक्स ऑफिस पर हुआ चमत्कार! Hanuman Ansh की दीवानी हुई ऑडियंस; मिली 9.2 की रेटिंग

ज्यादातर बड़े पर्दे पर बड़े-बड़े सितारों और करोड़ों के तामझाम वाली फिल्मों का ही बोलबाला देखने को मिलता है, लेकिन कभी-कभी ऐसा चमत्कार भी देखने को मिलता है, जिसके बारे में कोई सोच भी नहीं पाता. इस वक्त बॉक्स ऑफिस पर कई मेगा बड़ी फिल्में लगी हुई हैं, लेकिन उनके बीच में एक ऐसी फिल्म भी लगी है, जो उन मेगा बजट फिल्मों से ज्यादा लोगों का ध्यान खींच रही है. शुरुआत में इस फिल्म  लोगों ने अनदेखा कर दिया था. वहीं, आज ये सिनेमाघरों की जान बन चुकी है. लोग अपने परिवार के साथ इसे देखने थिएटर जा रहे हैं. 

इस अद्भुत चमत्कारी फिल्म का नाम ‘हनुमान अंश’ है, जिसे विशाल चतुर्वेदी के डायरेक्ट किया है. फिल्म की एक बड़ी खास बात लीड रोल में नजर आने वाले शोभिनव सत्या से जुड़ी है. दरअसल, शोभिनव पहले इस फिल्म से बतौर एक को-डायरेक्टर जुड़े थे. ऐन मौके पर जब लीड एक्टर ने काम करने से हाथ खींच लिए, तब शोभिनव सत्या को ये अहम जिम्मेदारी सौंपी गई. एक्टर चंदन आनंद ने भी इसमें लीड रोल प्ले किया है. ये फिल्म दिव्य संत नीम करोली बाबा के बचपन से लेकर उनके पूरे जीवन के सफर को बड़ी ही सादगी से दिखाती है.

बॉक्स ऑफिस पर चमत्कार और कमाई

शुरुआती दिनों में संघर्ष करने के बाद इस छोटे बजट की फिल्म ने तीसरे हफ्ते से ऐसी रफ्तार पकड़ी कि सब देखते रह गए. फिल्म ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क के आंकड़ों मुताबिक, करीब दो करोड़ रुपये के मामूली बजट में तैयार हुई इस फिल्म ने अब तक भारत में कुल 72.32 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है. जहां शुरुआती दो हफ्तों तक कमाई सुस्त रही, वहीं तीसरे हफ्ते में इसने 10.40 करोड़ बटोरे. इसके बाद चौथे हफ्ते में तो फिल्म ने अकेले लगभग 50 करोड़ रुपये जुटाकर बॉक्स ऑफिस पंडितों को पूरी तरह चौंका दिया.

बड़े सितारों को दी सीधी टक्कर

थिएटर में अपनी रिलीज के 27वें दिन भी इस फिल्म का जलवा बरकरार रहा. सैकनिल्क के मुताबिक, बुधवार को 27वें दिन फिल्म ने 7.25 करोड़ रुपये की तगड़ी कमाई दर्ज की. दूसरी तरफ, 100 करोड़ रुपये से बड़ी ओपनिंग लेने वाली सुपरस्टार यश की बड़ी फिल्म ‘टॉक्सिक: अ फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ अपने दूसरे बुधवार को केवल 5.10 करोड़ रुपये ही जुटा पाई. वहीं, इमरान हाशमी की रोमांटिक फिल्म ‘आवारापन 2’ भी 20वें दिन सिर्फ 45 लाख रुपये पर सिमट कर रह गई. साफ है कि ये दूसरी बड़ी फिल्मों पर भारी पड़ रही है. 

स्क्रीन्स और ऑडियंस की जबरदस्त भीड़

इस धामकेदार फिल्म की कामयाबी का अंदाजा इसके बढ़ते शोज से लगाया जा सकता है. पहले दिन पूरे देश में इसे केवल 355 शोज और 10 परसेंट ऑडियंस ही मिली थी. आज यही गिनती बढ़कर देश भर में 7,000 से ज्यादा शोज तक जा पहुंची है. 27वें दिन इसने करीब 29 फीसदी की मजबूत ऑक्यूपेंसी दर्ज की. दिल्ली-एनसीआर में सबसे ज्यादा 1,126 शोज चले, जहां 31 परसेंट सीटें भरी रहीं. वहीं, मुंबई के अंदर 658 शोज में 18 परसेंट ऑडियंस पहुंची. खाली पड़े सिनेमा हॉल अब लोगों की तालियों और जयकारों से लगातार गूंज रहे हैं.

कंटेंट की जीत और नए रास्ते

IMDb पर 9.2 की रेटिंग हासिल करने वाली 7 अगस्त को रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’ ने साबित कर दिया है कि अच्छी नीयत से बनाई गई आस्था से जुड़ी कहानियां लोगों को भाती हैं. इससे पहले गुजराती फिल्म ‘लालो’ और ‘देऊळ बंद 2’ ने भी ऐसी ही हैरतअंगेज वापसी करके करोड़ों की कमाई की थी. ‘लालो’ ने 1.2 करोड़ के बजट में 122 करोड़ से ज्यादा का कारोबार किया था. फिल्म के गाने भी लोगों की जुबान पर चढ़ चुके हैं. कहानी के आखिर में इसके अगले पार्ट का इशारा भी दिया गया है, जिसने लोगों के बीच एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है. 

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*