दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन आयोजित होने वाला है. इसके चलते केंद्रीय सरकार के दफ्तरों के बाद अब हाई कोर्ट और ट्रायल कोर्ट्स की भी छुट्टी रहने वाली है. हाई कोर्ट प्रशासन द्वारा जारी एक आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, 11 सितंबर को दिल्ली हाई कोर्ट और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के अंदर आने वाले सारे जिला अदालतें (ट्रायल कोर्ट) बंद रहेंगे.
कितने दिन बंद रहेगा कोर्ट?
इसके साथ ही ब्रिक्स सम्मेलन के चलते ट्रायल कोर्ट्स में 12 सितंबर यानी शनिवार को भी छुट्टी रहेगी. इतना ही नहीं दिल्ली के सभी निचली अदालत में कुल तीन दिन 11, 12 और 13 सितंबर (शुक्रवार, शनिवार और रविवार) बंद रहेगी. ये फैसला ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने वाले हाई-प्रोफाइल वैश्विक नेताओं के आगमन, उनकी सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रतिबंधों को देखते हुए लिया गया है, जिससे लोगों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े. वहीं हाई कोर्ट के लिए केवल शुक्रवार का ही अवकाश मान्य होगा.
क्यों किए जा रहे इतने सुरक्षा के इंतजाम?
राजधानी में BRICS समिट को लेकर तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं. 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में होने वाले सम्मेलन से पहले दिल्ली के प्रमुख इलाकों को पोस्टर, लाइटिंग और आकर्षक सजावट से सजाया गया है. कई जगहें तो ऐसी हैं, जहां नजारा त्योहार जैसा दिखाई दे रहा है.
इस साल BRICS समिट की आधिकारिक थीम “बिल्डिंग फॉर रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी” रखी गई है. सम्मेलन में अलग-अलग देशों के राष्ट्राध्यक्षों, विदेशी प्रतिनिधियों, अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों और बड़े अधिकारियों के शामिल होने की उम्मीद है.
ट्रैफिक को लेकर क्या है इंतजाम?
समिट के दौरान VIP और विदेशी प्रतिनिधियों की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक प्लान तैयार किया है. VIP काफिलों के गुजरने के दौरान करीब 22 डायवर्जन पॉइंट बनाए गए हैं, जबकि 35 से ज्यादा सड़कों पर जरूरत के मुताबिक ट्रैफिक को कंट्रोल या डायवर्ट किया जाएगा.
एडिशनल सीपी (ट्रैफिक) दिनेश कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि VIP मोटरकेड के गुजरने के समय कुछ रास्तों पर थोड़ी देर के लिए यातायात रोका जा सकता है. अधिकारियों का कहना है कि व्यवस्था का उद्देश्य विदेशी मेहमानों की आवाजाही सुचारू रखना और आम लोगों को कम से कम परेशानी होने देना है.
NSG का ‘कवच BRICS’ ऑपरेशन
BRICS समिट की सुरक्षा को लेकर नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) ने भी विशेष अभ्यास किया है. ‘ऑपरेशन कवच BRICS’ के तहत करीब 100 NSG कमांडो ने सुरक्षा ड्रिल में हिस्सा लिया. ये अभ्यास अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग समय में किया गया. इसका उद्देश्य किसी संभावित आतंकी खतरे की स्थिति में NSG, दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करना है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत और संयुक्त कार्रवाई की जा सके.
Bureau Report
Leave a Reply